2 लाख के पार पहुंचेगा सोना
AAJ Sone Ka Bhaw Kya Hai: साल 2028 तक सोना एक बार फिर नया इतिहास रचते हुए अपने सबसे ऊंचे स्तर (All-Time High) पर पहुंच सकता है. अभी भारत में 10 ग्राम सोने का भाव करीब 1.49 लाख रुपये चल रहा है. इससे पहले सोने का पुराना रिकॉर्ड 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है.
सोने के बाजार में एक बार फिर बड़ा खेल शुरू हो गया है . इसके लिए नया टारगेट भी आ गया है. ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया भर के केंद्रीय बैंक (Central Banks) जमकर सोना खरीद रहे हैं. इसके अलावा दुनिया भर में चल रहे तनाव, सरकारी बॉन्ड और अर्थव्यवस्था में उतार-चढ़ाव के बीच लोग सोने को सबसे सुरक्षित निवेश मान रहे हैं. यही वजह है कि अगले दो सालों में सोने के दाम नए रिकॉर्ड बना सकते हैं.
सोने में तेजी आने के 4 कारण
सुरक्षित निवेश की मांग को लेकर सोने की डिमांड बढ़ने वाली है. दुनिया भर के फंड मैनेजरों को लगता है कि आगे चलकर पीली धातु बेहतर रिटर्न दे सकती है.
सरकारी बॉन्ड और रुपये जैसी करेंसी में आ रही गिरावट को लेकर लोग चिंतित हैं, जिससे सोने का आकर्षण बढ़ रहा है. लोग अपने निवेश को सुरक्षित करने के लिए सोने की तरफ ज्यादा जा सकते हैं. दुनिया भर के बैंक खुद भारी मात्रा में सोना खरीद रहे हैं, जो इसके फ्यूचर रेट को तय करने में सबसे बड़ा फैक्टर है.
हाल ही में निवेशकों के बीच यह चर्चा तेज हुई है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Fed) ब्याज दरों में फिर से बदलाव कर सकता है. जिसके बाद सोने में अचानक उछाल देखा गया. रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को ही सोने की कीमत में 2% का उछाल आया और यह 4,075 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस पर पहुंच गई.
केंद्रीय बैंक जमकर खरीद रहे हैं सोना
‘वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल’ के आंकड़ों से पता चलता है कि अकेले सितंबर के महीने में केंद्रीय बैंकों ने करीब 63 टन सोना खरीदा है. नवंबर 2024 के बाद से एक महीने में इतनी बड़ी खरीदारी पहली बार हुई है.
जनवरी में जब सोने में तेजी आई थी तब इसका भाव 5,500 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गया था. हालांकि बाद में कीमतें थोड़ी नीचे आईं, लेकिन फिर भी यह ऐतिहासिक रूप से काफी ऊपर बनी हुई हैं. जानकारों का मानना है कि अगर यही रफ्तार रही तो भारतीय बाजार में सोने की कीमत आने वाले समय में 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार जा सकती है.
इंटरनेशनल मार्केट में सोना-चांदी का हाल
पिछले दिनों भारी बिकवाली के बाद अब इंटरनेशनल मार्केट में सोने-चांदी की कीमतों में सुधार देखने को मिल रहा है. शुक्रवार, 16 अक्टूबर को कॉमैक्स (Comex) पर सोना 0.18% की तेजी के साथ 4,177.50 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.48% बढ़कर 57.43 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी.
ये भी पढ़ें- फिर लौटी सोने-चांदी की चमक…! बाजार खुलते ही भाव में जबरदस्त उछाल, चेक करें अपने शहर का नया रेट
हालांकि भारत के घरेलू बाजार में अभी सुस्ती है. गुरुवार को नई दिल्ली में सोना 900 रुपये सस्ता होकर 1.49 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया (लगातार चौथे दिन इसमें गिरावट आई). वहीं, चांदी भी 6,000 रुपये लुढ़ककर 2.15 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. इसकी मुख्य वजह रुपये का मजबूत होना और लोकल मार्केट में अभी डिमांड का थोड़ा कम होना है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





