Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

यह कैसा अंधविश्वास? मंदिर में खुदवाया गड्ढा, फिर करने लगी समाधि लेने की बात

रामपुर के शाहबाद में सपने में माता रानी के दर्शन का दावा कर महिला मंदिर परिसर में समाधि लेने की तैयारी कर रही थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे रोका और पति व पुजारी समेत चार लोगों का चालान किया है.

Rampur Woman Samadhi Attempt Temple Police Action Shahabad

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मंदिर परिसर में महिला द्वारा जीवित समाधि लेने के प्रयास से इलाके में हड़कंप मच गया. महिला का दावा था कि उसे सपने में माता रानी ने दर्शन दिए हैं और समाधि लेने का आदेश दिया है. इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए मौके पर पहुंचकर गड्ढे को भरवाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला के पति और मंदिर के पुजारी समेत चार लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है.

सपने के दावे पर मंदिर में खुदवाया गड्ढा

यह पूरा मामला शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के भुड़ासी गांव में स्थित खेरो वाले मंदिर का है. स्थानीय निवासी नंद किशोर की पत्नी लीलावती ने कुछ समय पहले इस मंदिर में एक मूर्ति की स्थापना करवाई थी. लीलावती का कहना था कि उसे सपने में माता रानी के दर्शन हुए और उन्होंने उसे समाधि लेने के लिए कहा. इसी अंधविश्वास के चलते महिला ने मंदिर परिसर के अंदर ही समाधि लेने के लिए एक बड़ा गड्ढा खुदवा लिया और पूरी तैयारी में जुट गई. जब इसकी भनक ग्रामीणों को लगी, तो देखते ही देखते मंदिर परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.

पुलिस की सूझबूझ और काउंसलिंग

मामले की गंभीरता को भांपते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने बिना देर किए महिला को समाधि लेने से रोका और उसे सुरक्षित अपने साथ कोतवाली ले आई. यहां महिला पुलिसकर्मियों ने ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत लीलावती की काउंसलिंग की और उसे समझाया कि इस तरह के कदम उठाना खतरनाक और गलत है. पुलिस की समझाइश के बाद महिला ने भरोसा दिलाया कि वह अब सिर्फ पूजा-पाठ करेगी और ऐसा कोई खतरनाक कदम नहीं उठाएगी. इसके बाद पुलिस ने मंदिर परिसर में खोदे गए गड्ढे को भी मिट्टी डलवाकर बंद करवा दिया.

हालांकि, अगले दिन हालात को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई. किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने महिला के पति, मंदिर के पुजारी और दो अन्य लोगों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया. फिलहाल एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे.

यह भी पढ़ें: ‘अपनी मर्जी चलाएगी…?’ बात नहीं तो मैनपुरी के आसिन ने बेटी को दी खौफनाक सजा, कांप उठी मां की रूह

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital