श्रद्धा दुबे का एक्स बॉयफ्रेंड गिरफ्तारी
Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में यूपी एसटीएफ को एक और बड़ी सफलता मिली है. जांच एजेंसी ने श्रद्धा दुबे के पूर्व प्रेमी आमिर को गिरफ्तार कर लिया है. एसटीएफ का आरोप है कि हत्या के बाद फरार हुई श्रद्धा को छिपने और नेपाल पहुंचने में आमिर ने अहम भूमिका निभाई थी. इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या चार हो गई है. इससे पहले श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को नागपुर से पकड़ा जा चुका है.
नागपुर से लखनऊ लाने की तैयारी
दूसरी ओर, नागपुर में गिरफ्तार श्रद्धा दुबे को लखनऊ लाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है. एसटीएफ सूत्रों के अनुसार जरूरी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताओं में समय लगने की वजह से मंगलवार को उसे अदालत में पेश नहीं किया जा सका था. इसी कारण उसे पूरी रात नागपुर के हुडकेश्वर थाने में रखा गया. बुधवार सुबह दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस उसे स्थानीय अदालत में पेश कर रही है. अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे लखनऊ लाया जाएगा.
मददगारों की तलाश में जुटी STF
जांच एजेंसियां अब उन लोगों पर भी फोकस कर रही हैं जिन्होंने आरोपियों की फरारी के दौरान किसी भी तरह की सहायता की. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धा दुबे की मदद करने वाले छह से ज्यादा लोग जांच के दायरे में हैं. इनमें से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वहीं आमिर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो श्रद्धा का एक्स बॉयफ्रेंड बताया जा रहा है.
नेपाल बॉर्डर तक छोड़ने का दावा
पूछताछ के दौरान आमिर ने कई अहम जानकारियां दी हैं. पुलिस के मुताबिक उसने स्वीकार किया है कि 9 अक्टूबर की रात श्रद्धा को लखनऊ से निकलने में उसी ने मदद की थी. इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर यह भी बताया कि वह खुद श्रद्धा को नेपाल सीमा तक छोड़ने गया था. जांच एजेंसियां अब उसके बयान के आधार पर फरारी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं.
ये भी पढ़ें-3 आईफोन, बुर्का और फेसटाइम… 11 दिन तक पुलिस को कैसे चकमा देती रही श्रद्धा दुबे?
फर्जी आईडी पर सिम लेकर कराया संपर्क
एसटीएफ की जांच में यह भी सामने आया है कि फरार रहने के दौरान श्रद्धा ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके. ऐसे में संपर्क बनाए रखने के लिए आमिर ने कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र के जरिए एक नया सिम कार्ड हासिल किया और वह श्रद्धा को उपलब्ध कराया. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आमिर ने इस मामले में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है. अब जांच एजेंसी उससे मिले इनपुट के आधार पर अन्य संभावित मददगारों की तलाश में जुटी हुई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







