Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से आई धमकी, मुंबई मेयर ऑफिस से लेकर सुपरस्टार तक बढ़ाई गई सुरक्षा

Mumbai mayor bomb threat: मुंबई की मेयर रितु तावड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला है. मेल में खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का प्रतिनिधि बताया गया है. इसके बाद से सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Mumbai-Mayor-Bomb-Threat-Diljit-Dosanjh

Mumbai mayor bomb threat: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है. मुंबई की मेयर रितु तावड़े को एक बार फिर जान से मारने और शहर के कई प्रतिष्ठित ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. शुक्रवार सुबह मिले इस धमकी भरे ईमेल के बाद से ही मुंबई पुलिस और तमाम खुफिया सुरक्षा एजेंसियों में भारी हड़कंप मच गया है.

क्या है धमकी भरे ईमेल में सिलसिलेवार खुलासे?

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे मेयर रितु तावड़े के आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक संदेश भेजा गया. इस मेल को भेजने वाले ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का प्रतिनिधि बताया है. ईमेल में कई गंभीर चेतावनियां दी गई हैं.

  • मेयर कार्यालय को दोपहर 3:11 बजे और एक स्कूल को दोपहर 1:11 बजे बम से उड़ाने की बात कही गई है.
  • आगामी 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की चेतावनी दी गई है.
  • 27 नवंबर को प्रसिद्ध महालक्ष्मी रेसकोर्स इलाके में बड़े बम धमाके करने का दावा किया गया है.

1984 के दंगों का जिक्र और हस्तियों को चेतावनी

इस धमकी भरे संदेश में खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे गए हैं और 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए इसे ‘बदले की कार्रवाई’ बताया गया है. हैरान करने वाली बात यह है कि इस मेल में केवल प्रशासनिक कार्यालयों ही नहीं, बल्कि मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के मुंबई में होने वाले इंडिया टूर कार्यक्रम और बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (BIG B) को भी निशाना बनाने की खुली धमकी दी गई है.

पहले ही रद्द हो चुका है दिलजीत का कॉन्सर्ट

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही दिल्ली पुलिस ने विशेष सुरक्षा चिंताओं और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए 30 अक्टूबर को जेएलएन स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. अब मुंबई में भी उनके 27 नवंबर के महालक्ष्मी रेसकोर्स वाले कार्यक्रम को धमकी मिलने के बाद आयोजकों और प्रशासन की चिंताएं काफी बढ़ गई हैं.

ये भी पढ़ें: विधान परिषद चुनाव में किसका पलड़ा भारी? यूपी, बिहार समेत 4 राज्यों में वोटिंग, 27 अक्टूबर को नतीजे

सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस और साइबर सेल ने ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) का पता लगाना शुरू कर दिया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह संदेश कहां और किसके द्वारा भेजा गया है. हालांकि अभी तक ईमेल की सत्यता और भेजने वाले की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर मेयर कार्यालय, महालक्ष्मी रेसकोर्स, स्कूलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital