Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

ग्वालियर में 14 साल के बच्चे की बलि देने की कोशिश! झांकी दिखाने के बहाने पहाड़ी पर ले जाकर चाकू से हमला

Gwalior Child Sacrifice Attempt Case: ग्वालियर के करहिया थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय बच्चे पर उसके पड़ोसी युवक ने कथित तौर पर बलि देने के इरादे से चाकू से हमला किया.आरोपी बच्चे को माता की झांकी दिखाने के बहाने गोलेश्वर पहाड़ी पर ले गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

Gwalior Child Sacrifice Attempt Case

Gwalior Child Sacrifice Attempt Case

Gwalior Child Sacrifice Attempt Case: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से मानव बलि की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. करहिया थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय बच्चे पर उसके पड़ोसी युवक ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया. आरोप है कि युवक बच्चे को माता की झांकी दिखाने के बहाने गोलेश्वर पहाड़ी के जंगल में ले गया था. वहां उसने बच्चे को बताया कि वह उसकी बलि देना चाहता है और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए. आरोपी बच्चे को मरा समझकर मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल बच्चा देर रात होश में आने के बाद किसी तरह पैदल अपने घर पहुंचा. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

झांकी दिखाने के बहाने बच्चे को ले गया पहाड़ी पर

जानकारी के मुताबिक, घटना 18 अक्टूबर की है. पीड़ित की पहचान रिठौदन गांव निवासी मनीष रावत के 14 वर्षीय बेटे निशांत रावत के रूप में हुई है. आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला विक्की गौड़ उसे बाइक पर बैठाकर माता की झांकी दिखाने के बहाने गोलेश्वर मंदिर की पहाड़ी पर ले गया था. निशांत के मुताबिक, पहाड़ी पर पहुंचने के बाद जब उसने आरोपी से वहां लाने की वजह पूछी, तो उसने कहा कि वह उसकी बलि देना चाहता है. इसके बाद आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया.

गले और शरीर पर किए कई वार, जंगल में छोड़कर भागा आरोपी

पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने उसके गले पर चार बार चाकू से वार किया. इसके अलावा माथे और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी हमला किया गया. कुल नौ बार चाकू से वार किए जाने की बात सामने आई है. हमले में निशांत गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया. आरोप है कि हमले के दौरान चाकू टूट गया, जिसके बाद आरोपी उसे मृत समझकर जंगल में छोड़कर भाग निकला. देर रात जब निशांत को होश आया, तो वह किसी तरह जंगल से निकलकर खून से लथपथ हालत में अपने घर पहुंचा.

बच्चे की हालत देखकर परिवार में मची चीख-पुकार

निशांत को इस हालत में देखकर परिजन घबरा गए. उन्होंने बिना देर किए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया गया. बच्चे की मां पूनम रावत का आरोप है कि विक्की उनके बेटे को झांकी दिखाने के बहाने ले गया था और फिर उस पर जानलेवा हमला कर दिया. परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी थी, लेकिन कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होने पर वे घायल बच्चे को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे. परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

भाई और एक अन्य युवक को भी धमकी देने का आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान आरोपी ने उसके भाई और रामबरन नाम के एक युवक की भी बलि देने की बात कही थी. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. ग्वालियर देहात के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने बताया कि करहिया थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय बच्चे पर हमले का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी विक्की गौड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस हमले के पीछे की असल वजह क्या थी और मानव बलि देने की बात से जुड़े आरोपों में कितनी सच्चाई है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital