यूपी के हमीरपुर में खेत में मासूम से रेप कर गला घोंटा (इमेज-Bharat Express)
Hamirpur Crime News: यूपी के हमीरपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जहां एक 35 साल के दरिंदे ने 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी पैजामी से गला कसकर हत्या कर दी. घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित भीड़ ने सीओ राठ समेत पुलिस की कई गाड़ियों पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए. वहीं घटनास्थल पर ले जाते समय आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई.
ये सनसनीखेज वारदात मुस्करा कोतवाली क्षेत्र की है. रविवार दोपहर 3 साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी पड़ोसी 35 वर्षीय हीरा उसे बहला-फुसलाकर गहरौली मार्ग स्थित बंबा के पास अरहर के खेत में ले गया. वहां मासूम के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी ही पैजामी से गला कसकर हत्या कर शव खेत में छोड़कर घर लौट आया.
बच्ची को ढूंढने का नाटक करता रहा आरोपी
घटना के बाद शाम 4 बजे परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी. लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई. इस दौरान आरोपी हीरा भीड़ के साथ बच्ची को ढूंढने का नाटक करता रहा. जिससे परिजनों को उस पर शक हुआ. रात 8 बजे बच्ची का शव नई बस्ती मोहल्ले के पास अरहर के खेत में मिला.
शव मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया. उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव उठाने से रोक दिया और हंगामा शुरू कर दिया. गुस्साई भीड़ ने पुलिस वाहनों पर पथराव कर दिया, जिसमें सीओ राठ की गाड़ी समेत कई गाड़ियों के शीशे टूट गए.
घटनास्थल पर ले जाते समय की फायरिंग
हालात बिगड़ता देख पुलिसकर्मियों को मौके से भागना पड़ा. क्षेत्र में तनाव को देखते हुए कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई. सूचना पर एसपी मृगांक शेखर पाठक खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- ‘मशीन में उतरा करंट और पलभर में बिछ गईं लाशें…!’ राजस्थान के झुंझुनूं में 8 मजदूरों की मौत का जिम्मेदार कौन?
इसी बीच जब पुलिस आरोपी हीरा को विवेचना के लिए घटनास्थल पर ले जा रही थी, तो उसने छिपाए हुए असलहे से पुलिस पर फायर कर दिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है. जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





