उत्तराखंड के गंगनानी में नदी में समाई इनोवा कार
Uttarkashi Accident: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी धर्मकुंड के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त कार में सात लोग सवार थे. दुर्घटना के बाद नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं. वहीं, बाकी लोगों की तलाश के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं. नदी का तेज बहाव रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ है.
धर्मकुंड से 20 मीटर आगे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, गंगनानी धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर इनोवा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और नदी में जा गिरी. घटना की सूचना डेल्टा के माध्यम से मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं.

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया. नदी किनारे चार लोगों के शव मिलने के बाद उनकी पहचान की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों को लगाया गया है.
तेज बहाव के बीच तलाश जारी
नदी में पानी का तेज बहाव बचाव दल के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है. रेस्क्यू टीमें लगातार संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं. हादसे में घायल एक व्यक्ति को मनेरी पुलिस की मदद से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसे जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सके.
प्रशासन ने आपदा प्रबंधन केंद्र और मेडिकल टीम को भी अलर्ट पर रखा है. जिलाधिकारी प्रशांत आर्य पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. मौके पर मौजूद अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें- छठ पर घर जाने की जिद, टिकट की किल्लत और जनरल डिब्बों की भीड़…, आनंद विहार रेलवे स्टेशन का ये है हाल
प्रशासन दुर्घटना में प्रभावित लोगों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है. फिलहाल नदी में गिरे वाहन में सवार अन्य लोगों की तलाश जारी है. मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



