Amit Shah Ahmedabad Meeting: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इन दिनों अपने गृह राज्य गुजरात के चार दिवसीय प्रवास पर हैं. दीपावली और गुजराती नववर्ष के इस पावन अवसर पर अहमदाबाद पहुंचे गृह मंत्री ने शनिवार को गृह मंत्रालय (MHA) के विभिन्न प्रभागों और राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की.
अहमदाबाद नगर निगम के दक्षिण-पश्चिम जोन कार्यालय में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
नए आपराधिक कानूनों पर जोर
बैठक के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, नशीली दवाओं (ड्रग्स) की अवैध तस्करी और तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों जैसे संवेदनशील मुद्दों की बिंदुवार समीक्षा की.
ये भी पढ़ें: हनुमान चालिसा के फैन हुए ट्रंप, ओवल ऑफिस में मनाई दिवाली, काश पटेल भी हुए शामिल
इसके साथ ही, देश भर में लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के धरातल पर क्रियान्वयन की स्थिति का भी विस्तार से जायजा लिया गया. अमित शाह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में इन नए कानूनों का प्रभावी अमल सुनिश्चित किया जाए ताकि न्याय प्रणाली को और अधिक पारदर्शी और त्वरित बनाया जा सके.
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद (Amit Shah high level meeting Ahmedabad)
इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) समेत गृह मंत्रालय और गुजरात सरकार के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. बैठक के दौरान राज्य के नेताओं और अधिकारियों ने गृह मंत्री को वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य से अवगत कराया.
ये भी पढ़ें: अग्निवीरों…! अग्निपथ योजना में अब नहीं रहेगा कोई कंफ्यूजन, जानें A-Z बदलाव
गृह मंत्री ने दो टूक कहा कि गुजरात में शांति, सुरक्षा और सुशासन बनाए रखना केंद्र और राज्य सरकार की साझा प्राथमिकता है. अपने इस चार दिवसीय दौरे के दौरान अमित शाह कई अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






