Siddharthnagar Golgappa Food Poisoning
Siddharthnagar Golgappa Food Poisoning: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में दिवाली के जश्न के बीच गोलगप्पे खाने से 150 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई. उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद बच्चों समेत 30 से ज्यादा मरीज अस्पताल में भर्ती हैं कई बच्चों को PICU में रखा गया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट पर हैं.
गोलगप्पे खाते ही बिगड़ी तबीयत, गांवों में मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में दिवाली की खुशियां उस समय चिंता में बदल गईं, जब गोलगप्पे खाने के बाद बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए। खेसरहा थाना क्षेत्र के कलनाखोर पेडारी और आसपास के गांवों में एक स्थानीय ठेले पर गोलगप्पे खाने के बाद 150 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है.पीड़ितों को तेज उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। अचानक इतने लोगों के बीमार पड़ने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बच्चों की हालत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचने लगे.
18 बच्चे PICU में भर्ती, 30 से ज्यादा मरीजों का इलाज जारी
अस्पताल के आपातकालीन विभाग में तैनात डॉक्टर के मुताबिक, अब तक 30 से 33 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें 18 छोटे बच्चे शामिल हैं, जिन्हें बाल चिकित्सा गहन चिकित्सा कक्ष (PICU) में रखा गया है. इसके अलावा 15 मरीज 15 वर्ष से अधिक उम्र के बताए गए हैं. डॉक्टरों के अनुसार, शुरुआती दौर में 23 मरीजों की हालत बेहद नाजुक थी, लेकिन समय पर इलाज मिलने से अब सभी की स्थिति स्थिर है. हालांकि, एंबुलेंस और बसों के जरिए मरीजों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला जारी है.
गांवों में मेडिकल कैंप, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं. प्रभावित गांवों में मेडिकल कैंप लगाकर लोगों की जांच और उपचार किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
अमेठी में खस्ता खाने से बीमार हुए थे 102 लोग
खराब खानपान से लोगों के बीमार होने का यह पहला मामला नहीं है. पिछले महीने अमेठी के कोटवा गांव में मेले के दौरान खस्ता खाने से करीब 102 लोग बीमार पड़ गए थे. इनमें 39 बच्चे और 63 वयस्क शामिल थे. उस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में मेडिकल कैंप लगाकर स्थिति संभाली थी.सिद्धार्थनगर की घटना ने एक बार फिर त्योहारों और मेलों में खुले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


