आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडाला ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है.
Pawan Kalyan: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण की निजी जिंदगी में एक बड़ा तूफान आ गया है. पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडाला ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है. पवन कल्याण के कार्यालय की ओर से जारी बयान में इसकी जानकारी दी गई है. दोनों ने कहा है कि शादी खत्म होने के बाद भी वे अच्छे दोस्त बने रहेंगे और बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे. पवन कल्याण की यह तीसरी शादी थी जो अब टूटने जा रही है.
पवन कल्याण ने पहली शादी साल 1997 में नंदिनी से की थी. हालांकि दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया. इसके बाद साल 2009 में पवन कल्याण ने अभिनेत्री और मॉडल रेणु देसाई से शादी की. यह रिश्ता भी साल 2012 में खत्म हो गया. पवन कल्याण और रेणु देसाई के दो बच्चे हैं, जिनके नाम अकीरा नंदन और आध्या हैं.
इसके बाद साल 2013 में पवन कल्याण ने तीसरी शादी अन्ना कोनिडाला से की थी. अन्ना मूल रूप से रूस की रहने वाली हैं. दोनों के दो बच्चे हैं, पोलिना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच. अब करीब 13 साल बाद दोनों ने अपनी राहें अलग करने का फैसला किया है.
‘हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे’
पवन कल्याण के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है,
अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा साथ बिताने के बाद, हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है. भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने प्यारे बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे. बच्चों की खुशी और भलाई हमेशा हमारी साझा प्राथमिकता रहेगी.
ये भी पढ़ें- गुजरात की तर्ज पर दिल्ली में भी नदी पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी, यमुना पर शुरू होगी रिवर क्रूज सेवा
पवन कल्याण और अन्ना कोनिडाला ने लोगों से इस निजी फैसले का सम्मान करने की अपील की है. बयान में कहा गया है कि जिंदगी के इस बदलाव के दौर में उन्हें समझदारी और सहयोग की उम्मीद है. साथ ही, दोनों ने उन सभी लोगों का आभार जताया है, जो इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



