अयोध्या पर अखिलेश यादव ने बीजेपी को घेरा
Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या को लेकर सियासी घमासान तेज होने लगा है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए अयोध्या के विकास, राम मंदिर, रोजगार और जमीन से जुड़े मुद्दों पर कई बड़े सवाल उठाए हैं. अखिलेश ने कहा कि अयोध्या के मान-सम्मान को दोबारा लौटाना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने राम मंदिर में चोरी और श्रद्धालुओं की घटती संख्या पर बीजेपी को जमकर घेरा.
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि राम मंदिर में चोरी की घटना से आहत होकर अयोध्या आने वाले आस्थावान और श्रद्धालुओं की संख्या दिन-ब-दिन कम हो रही है. इसका सीधा असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अयोध्या की धार्मिक पहचान और स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी कर रही है.
सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी मंदिर की व्यवस्था में पारदर्शिता लाकर लोगों का भरोसा बहाल करेगी. साथ ही अयोध्या को वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर देकर ‘सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी’ बनाया जाएगा.
गरीबों के अपमान और राशन में तेल-घी का मुद्दा उठाया
अखिलेश यादव ने अयोध्या में गरीब महिलाओं और बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि ऐसी अयोध्या बनाई जाएगी, जहां कोई अहंकारी व्यक्ति गरीब महिला या बच्चे को अपमानित और प्रताड़ित नहीं कर सकेगा.
दरअसल अयोध्या महोत्सव खत्म होने के बाद कुछ बच्चे दीपोत्सव में इस्तेमाल किये गए दीये से तेल निकाल रहे थे. बच्चों को दीये से तेल लेने से कई लोग रोक रहे थे और उन्हें डंडों से मार कर भगा रहे थे. यह वीडियो वायरल हो गया था. जिसके आधार पर अब अखिलेश यादव बीजेपी को घेर रहे हैं.
उन्होंने वादा किया कि सपा की सरकार बनने पर राशन में तेल और घी भी दिया जाएगा, ताकि गरीब परिवारों की पौष्टिक जरूरतें पूरी हो सकें. इस तरह अखिलेश ने बीजेपी पर गरीबों के सम्मान और उनकी बुनियादी जरूरतों के सवाल पर भी निशाना साधा.
राम-निषादराज के बहाने PDA का दांव
सपा प्रमुख ने अयोध्या में परंपरागत नौकायन को बढ़ावा देने की बात कही. उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय नाविकों को रोजगार मिलेगा और भगवान राम तथा निषादराज के प्रगाढ़ संबंध को फिर से स्थापित किया जा सकेगा.
अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी इस रिश्ते को तोड़ना चाहती है. उन्होंने कहा कि बीजेपी का प्रभुत्ववादी रवैया नहीं चाहता कि भगवान राम और PDA समाज के बीच भाईचारे और आत्मीयता का रिश्ता लोगों को याद रहे.
जमीन के मुद्दे पर बीजेपी नेताओं को चेतावनी
अखिलेश यादव ने अयोध्या में बाहरी ठेकेदारों की भूमिका और जमीन से जुड़े मामलों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर अयोध्या को बाहरी ठेकेदारों से मुक्त कराया जाएगा और जमीन के मामलों की जांच कराई जाएगी.
सपा प्रमुख ने सर्किल रेट से जुड़े कथित महाघोटाले का जिक्र करते हुए बीजेपी नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अयोध्या की लूट से भरे खजानों की जांच होगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
उन्होंने कहा कि हम ऐसी व्यवस्था बनाएंगे कि कोई भी दुष्मुखी व्यक्ति ‘भगवान राम या भगवान कृष्ण ही नहीं बल्कि किसी भी धर्म के आराध्यों और महापुरुषों का अपमान न कर सके या अपमान करके स्वतंत्र न घूम सके. ऐसे धर्म-विरुद्ध लोगों को वैधानिक रूप से निरुद्ध किया जाएगा. दुर्वचन कहने वाले ऐसे अधर्मी लोगों को प्रश्रय देनेवाले भी पाप के भागीदार होते हैं, उनको भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के षड्यंत्र में संलिप्त होने के कारण यथोचित दंड दिया जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




