Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

ये कैसे भगवान हैं? DMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से सभी सेवाएं ठप, दर-दर भटक रहे मरीज

Dmch Doctors Strike: दरभंगा के DMCH में डॉक्टर को थप्पड़ मारने के आरोप के बाद जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं. इमरजेंसी समेत चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हैं और मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ रहा है.

dmch-darbhanga-doctors-strike-emergency-services

DMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से इमरजेंसी समेत सभी सेवाएं ठप

DMCH Doctors Strike: बिहार के दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में डॉक्टर और मरीज के परिजन के बीच विवाद के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है. आरोप है कि सर्जरी इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर को मरीज के परिजन ने थप्पड़ मार दिया. इस घटना से नाराज जूनियर डॉक्टरों ने काम बंद कर दिया है. उनकी हड़ताल के कारण इमरजेंसी समेत अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं बाधित हो गई हैं. इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों को बिना उपचार के लौटना पड़ रहा है.

जानकारी के मुताबिक सर्जरी इमरजेंसी में एक मरीज के इलाज के दौरान जल्दबाजी को लेकर डॉक्टर और उसके परिजन के बीच कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई. आरोप है कि मरीज के परिजन ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर को थप्पड़ मार दिया.

घटना के बाद जूनियर डॉक्टरों में नाराजगी फैल गई. उन्होंने इलाज करने से मना कर दिया और हड़ताल पर चले गए. अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने डॉक्टरों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे काम पर लौटने को तैयार नहीं हैं.

दूसरे अस्पताल ले जा रहे मरीजों के परिजन

जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल का असर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों पर पड़ रहा है. मधुबनी से सड़क दुर्घटना में घायल होकर आए एक मरीज को भी इलाज नहीं मिल सका. आखिरकार परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल चले गए.

मरीज की परिजन सीता देवी ने बताया कि उनकी समधीन को फौजी पुलिस ने पीट दिया है. वह उनके इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थीं, लेकिन डॉक्टरों की हड़ताल के कारण उपचार नहीं हो पा रहा है.

मनाने पर मान नहीं रहे डॉक्टर

वहीं सुरेश कुमार नाम के एक अन्य मरीज के परिजन ने बताया कि उनके मरीज का एक्सीडेंट हो गया था. वे इलाज के लिए DMCH पहुंचे, लेकिन यहां हड़ताल की वजह से डॉक्टरों ने मरीज को नहीं देखा. अब वे मरीज को पारस अस्पताल लेकर जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- जवान और फिट लोगों के दिल पर भी प्रदूषण का खतरा, PM2.5 बढ़ा सकता है हार्ट अटैक का जोखिम

अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने जूनियर डॉक्टरों को समझाकर काम पर लौटने की कोशिश की पर डॉक्टर मानने को तैयार नहीं हैं. वो अभी भी हड़ताल पर बैठे हैं. ऐसे में DMCH की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं और मरीजों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital