असम ट्रेन हादसे से पहले का वीडियो आया सामने
Assam Train Accident Video: असम के गुवाहाटी के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में लोको पायलट को ट्रेन का सिग्नल लाल होने और इमरजेंसी सिस्टम काम नहीं करने की बात कहते हुए सुना जा सकता है. इसके कुछ सेकेंड बाद ही ट्रेन जोरदार धमाके के साथ बैरिकेड्स से टकराती दिखाई देती है. हालांकि हादसे की असली वजह को लेकर अभी आधिकारिक जांच का इंतजार है.
सामने आया वीडियो इंजन के अंदर से रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है. इसमें लोको पायलट कहता सुनाई दे रहा है,
सिग्नल लाल है… इमरजेंसी लगा हुआ है, लेकिन काम नहीं कर रहा है. कुछ भी काम नहीं कर रहा है.
पायलट की यह बात कहने के कुछ ही सेकेंड बाद ट्रेन बैरिकेड्स से टकराती है और हादसे का शिकार हो जाती है. वीडियो के सामने आने के बाद ट्रेन के ब्रेक और इमरजेंसी सिस्टम को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हुआ हादसा
बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे गुवाहाटी के बाहरी इलाके में कामरूप (मेट्रो) जिले के दिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस बेपटरी हो गई थी. यह ट्रेन मिजोरम के सैरांग जा रही थी. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुताबिक दिगारू स्टेशन पर ट्रेन को दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था. इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं कर सका और हादसा हो गया.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. घटना के बाद रेलवे की ओर से राहत और बचाव का काम शुरू किया गया.
CM हिमंता बिस्वा सरमा ने क्या कहा?
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हादसे में चार यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं, उनका इलाज जारी है. राज्य सरकार स्थिति पर नजर रख रही है और रेल मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि फंसे हुए यात्रियों की मदद की जा रही है. उनके लिए वैकल्पिक ट्रेन का इंतजाम भी किया गया है, ताकि उन्हें आगे की यात्रा में परेशानी न हो.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



