Bharat Express DD Free Dish

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सैनिकों पर फिर बड़ा हमला: BLA के लड़ाकों ने किया 18 से ज्यादा फौजी मारे जाने का दावा, सामने आया VIDEO

Baloch Liberation Army Mastung military camp suicide attack 2026: बलूचिस्तान के मस्तुंग में पाक सैन्य कैंप पर BLA की मजीद ब्रिगेड के हमले में 18 से अधिक सैनिकों की मौत का दावा किया गया है. बलोचों ने विदेशी खनन कंपनियों को चेतावनी दी.

क्वेटा/इस्लामाबाद: पाकिस्तान में अशांत बलूचिस्तान प्रांत एक बार फिर भीषण विद्रोही हमले से दहल उठा है. बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसके क्रांतिकारी दस्ते ‘मजीद ब्रिगेड’ (Majeed Brigade) ने 12 नवंबर को मस्तुंग जिले के कनक (कुंडब) इलाके में स्थित पाक सेना के प्रमुख कैंप को निशाना बनाया है. संगठन के अनुसार, पहले एक मुजाहिद ने विस्फोटकों से लदे वाहन (SVBIED) को सैन्य कैंप से टकराकर भीषण धमाका किया और उसके तुरंत बाद बीएलए के ‘फतेह स्क्वाड’ (Fateh Squad) के लड़ाकों ने कैंप में घुसकर भारी गोलीबारी की. बीएलए ने इस हमले में पाकिस्तानी सेना के 18 से अधिक जवानों के मारे जाने का दावा किया है.

विदेशी खनन कंपनियों को चेतावनी, 1 दिन पहले भी 11 पुलिसकर्मी मारे

बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए आत्मघाती हमलावर की पहचान उसामा शाहवानी उर्फ वदूद के रूप में की है, जिसका वीडियो संगठन के मीडिया विंग ‘हक्कल’ ने जारी किया है. इसके साथ ही बीएलए ने बलूचिस्तान में खनिज परियोजनाओं और ‘पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026’ में शामिल होने वाली विदेशी कंपनियों व निवेशकों को सीधा निशाना बनाने की धमकी दी है. दूसरी ओर, पाकिस्तान में सुरक्षा बलों पर हमले लगातार बढ़ रहे हैं- महज एक दिन पहले खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट जिले में अवैध सोने की खदान पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर पहाड़ियों से हुई अंधाधुंध गोलीबारी में डीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी.

BLA के दावे पर पाकिस्तानी सेना और अधिकारियों का क्या कहना?

मस्तुंग हमले में 18 से अधिक सैनिकों के मारे जाने के बीएलए के दावे पर पाकिस्तानी सेना (ISPR) या इस्लामाबाद की ओर से सीधा आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है. हालांकि, स्थानीय पुलिस और सरकारी मीडिया (रेडियो पाकिस्तान) ने दावा किया कि सुरक्षा बलों ने मस्तुंग में कांदवा पोस्ट पर हुए हमले को विफल करते हुए जवाबी कार्रवाई में 3 हमलावरों को मार गिराया, जबकि इस दौरान 2 नागरिकों की मौत हुई और फ्रंटियर कोर (FC) के 3 जवान घायल हुए हैं. वहीं, पाक सेना ने शुक्रवार को बयान जारी कर दावा किया कि 3 नवंबर से अब तक बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में चले अभियानों में 74 आतंकियों को मार गिराया गया है.

5 वर्षों (2021–2026) में बलूच विद्रोहियों के प्रमुख हमले और नुकसान

जनवरी-फरवरी 2026 (ऑपरेशन हेरोफ-2): बलूचिस्तान के कई जिलों (नुश्की, क्वेटा, खुजदार) में एक साथ हुए अब तक के सबसे बड़े समन्वित हमलों में पाक सरकार ने 22 सुरक्षाकर्मियों और 36 नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की, जबकि बीएलए ने 200 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को मारने और 7 जवानों को बंदी बनाने का दावा किया था.

नवंबर 2024 (क्वेटा रेलवे स्टेशन धमाका): मजीद ब्रिगेड के आत्मघाती हमलावर ने क्वेटा रेलवे स्टेशन पर जाफर एक्सप्रेस से जा रहे सैन्यकर्मियों को निशाना बनाया, जिसमें करीब 31 लोग (अधिकांश सैन्यकर्मी) मारे गए थे.

अगस्त 2024 (ऑपरेशन दरा-ए-बोलन / मूसाखेल हमला): 300 से अधिक बलूच लड़ाकों ने राजमार्गों और सैन्य ठिकानों पर हमले किए, जिसमें पाक सुरक्षा बलों के 14 से अधिक जवानों समेत 50 से ज्यादा लोगों की जान गई.

मार्च 2024 (ग्वादर पोर्ट व तुरबत नेवल बेस हमला): मजीद ब्रिगेड के आत्मघाती दस्ते ने ग्वादर पोर्ट अथॉरिटी कॉम्प्लेक्स और पीएनएस सिद्दीकी नेवल एयर बेस पर हमला कर सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया.

फरवरी 2022 (नोश्की और पंजगुर सैन्य कैंप हमला): बलूच विद्रोहियों ने दो बड़े फ्रंटियर कोर (FC) कैंपों पर कब्जा करने की कोशिश की, जिसमें आधिकारिक तौर पर 9 पाक सैनिक और 20 विद्रोही मारे गए, जबकि बीएलए ने 100 से अधिक सैनिकों की मौत का दावा किया था.

यह भी पढ़िए: किसान के खेत में मिला पाकिस्तानी ‘PIA’ लिखा बैलून: किसलिए इधर भेजा गया? पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर गहन जांच की शुरू



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read