Bharat Express DD Free Dish

राहुल को ‘Modi Phobia’, कांग्रेस नेता पर भड़के महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, जानें और क्या कहा?

राहुल गांधी के फोन टैपिंग वाले आरोप पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने तीखा हमला बोला है. शिंदे ने कहा कि राहुल ‘मोदी फोबिया’ से ग्रस्त हैं और बिना सबूत के मनगढ़ंत कहानियां गढ़कर खुद अपनी जग-हंसाई करवा रहे हैं.

Eknath Shinde Slams Rahul Gandhi Over Phone Tapping Allegations Calls It Modi Phobia

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर लगाए गए फोन टैपिंग के ताजा आरोपों ने देश की सियासत में नया उबाल ला दिया है. इस मुद्दे पर अब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया है. शिंदे ने कांग्रेस नेता पर ‘मोदी फोबिया’ से पीड़ित होने का तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को अब जागते-सोते और उठते-बैठते हर तरफ सिर्फ नरेंद्र मोदी ही दिखाई दे रहे हैं.

‘जब तक मोदी का नाम न लें, तब तक नहीं बनती खबर’

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी के बयानों को पूरी तरह बेबुनियाद और बचकाना करार दिया. शिंदे ने लिखा कि सच्चाई यह है कि जब तक राहुल गांधी प्रधानमंत्री का नाम नहीं लेते, तब तक न तो उनकी कोई खबर बनती है और न ही वे मीडिया की सुर्खियों में टिक पाते हैं. अपनी डूबती हुई राजनीतिक नैया को बचाने और जबरदस्ती चर्चा में बने रहने के लिए ही वे अब फोन टैपिंग जैसे मनगढ़ंत आरोपों का सहारा ले रहे हैं.

डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई ठोस जनहित का मुद्दा है, न ही विकास का कोई स्पष्ट विजन और न ही अपने दावों को सच साबित करने के लिए एक भी सबूत. जेब में सबूत होने की झूठी बातें करना, हवा में तीर चलाना और रोज एक नया फेक नैरेटिव गढ़ना ही अब उनका फुल-टाइम काम रह गया है. शिंदे ने तंज कसा कि एक तरफ देश पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास के नए कीर्तिमान रच रहा है, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी अपने हास्यास्पद बयानों से खुद ही अपनी जग-हंसाई करवा रहे हैं. उन पर ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है.

क्या है फोन टैपिंग का विवाद?

दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब राहुल गांधी ने एक ऑनलाइन इंटरैक्टिव सेशन के दौरान अपना मोबाइल फोन दिखाते हुए आरोप लगाया कि पीएम मोदी उनका फोन टैप करवा रहे हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास प्रधानमंत्री के खिलाफ सभी जरूरी सबूत इसी फोन में मौजूद हैं, हालांकि उन्होंने कोई भी ठोस प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया. गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने जासूसी के आरोप लगाए हैं; इससे पहले साल 2023 में भी उन्होंने अपने फोन में ‘पेगासस’ स्पाइवेयर होने और खुफिया अधिकारियों द्वारा फोन पर संभलकर बात करने की चेतावनी देने का दावा किया था.

यह भी पढ़ें: अमित शाह से मिले निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बनी रणनीति पर हुई चर्चा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest