देश के सबसे बड़े ऑनलाइन सट्टेबाजी घोटालों में से एक ‘महादेव ऑनलाइन बुक’ (Mahadev Online Betting App) मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जांच एजेंसी ने पिछले तीन साल से फरार चल रहे इस ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है. शुक्रवार को रायपुर की विशेष पीएमएलए (PMLA) अदालत ने सौरभ को 7 दिन की ईडी कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है. अब 19 नवंबर तक ईडी के अधिकारी उससे मनी लॉन्ड्रिंग के इस पूरे काले साम्राज्य के राज उगलवाएंगे.
फर्जी दस्तावेज से भागने की फिराक में ओमान में पकड़ा गया
सौरभ चंद्राकर इस मामले में विदेश से भारत लाया जाने वाला पहला मुख्य प्रमोटर है. सितंबर 2023 में ईडी के समन के बाद से ही वह फरार था और उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया था. जांच से बचने के लिए उसने वानुअतु का पासपोर्ट भी बनवा लिया था और भारतीय नागरिकता छोड़ने का दावा किया था.
हालांकि, मस्कट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फर्जी यात्रा दस्तावेजों के साथ देश छोड़ने की कोशिश करते समय वह पकड़ा गया. इसके बाद 8 अक्टूबर 2026 को ओमान की अदालत ने उसके प्रत्यर्पण को मंजूरी दी और 1 नवंबर को सीबीआई की टीम उसे भारत ले आई.
हर महीने 450 करोड़ की कमाई
ईडी की जांच में सामने आया है कि सौरभ चंद्राकर और उसका साथी रवि उप्पल दुबई में बैठकर इस सट्टेबाजी नेटवर्क का मुख्य दफ्तर चलाते थे. भारत और यूएई में पैनल बांटकर लोगों से सट्टा लगवाया जाता था और बेनामी बैंक खातों व हवाला के जरिए हर महीने करीब 450 करोड़ रुपये विदेश भेजे जाते थे.
सौरभ पहली बार सुरक्षा एजेंसियों की नजरों में तब चढ़ा था, जब फरवरी 2023 में यूएई के रास अल खैमाह में उसकी शाही शादी में करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च किए गए थे और मेहमानों के लिए नागपुर से चार्टर्ड विमान उड़ाए गए थे. यही नहीं, सट्टे के इस काले धन को शेयर बाजार में लगाने के साथ-साथ करीब 766 करोड़ रुपये खर्च कर एक अमेरिकी कंपनी (Ebix Inc.) खरीदने के भी सबूत मिले हैं.
अब तक 3,500 करोड़ की संपत्ति अटैच
इस केस में ईडी अब तक 190 जगहों पर छापेमारी कर करीब 3,500 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर चुकी है, जिसमें दुबई की 22 अचल संपत्तियां भी शामिल हैं. सौरभ इस मामले में गिरफ्तार होने वाला 15वां आरोपी है. अब रिमांड के दौरान ईडी डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य आरोपियों के बयानों के सामने बैठाकर उससे पूछताछ करेगी.
यह भी पढ़ें: असम के काजीरंगा में भीषण हादसा: छात्रों से भरी गाड़ी और ट्रक में भिड़ंत, 23 मौतें; CM हिमंत बिस्वा सरमा ने दुख जताया
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



