Bharat Express DD Free Dish

शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका को पंख: पीएम मोदी आज देश को सौंपेंगे 173 पूरे हो चुके प्रोजेक्ट्स

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 3,000 करोड़ रुपये के 246 जनजातीय विकास प्रोजेक्ट्स की सौगात देंगे. गढ़चिरौली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाले इस कार्यक्रम में स्कूल, हेल्थ सेंटर और संग्रहालयों का उद्घाटन व शिलान्यास किया जाएगा.

PM Modi To Launch 246 Tribal Development Projects Worth Rs 3000 Crore

देश के दूरदराज और आदिवासी बहुल इलाकों में रहने वाले लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने के लिए केंद्र सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (रविवार को) जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम के दौरान देशवासियों को 3,000 करोड़ रुपये से अधिक के 246 जनजातीय विकास प्रोजेक्ट्स की सौगात देने जा रहे हैं. भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पीएम मोदी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे और देश को संबोधित करेंगे.

शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका को मिलेगा नया आयाम

इस मेगा प्रोग्राम के तहत देश भर के आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और आजीविका के संसाधनों को मजबूत करने वाले कई काम शुरू किए जाएंगे. प्रधानमंत्री कुल 173 पूरे हो चुके प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे. इनमें आदिवासी छात्रों के लिए बने 38 एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (EMRS) भी शामिल हैं, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी. इसके अलावा, पीएम-जन्मन (PM-JANMAN) योजना के तहत 100 मल्टी-पर्पज सेंटर्स का भी उद्घाटन किया जाएगा, जो आदिवासी बस्तियों में जरूरी सेवाएं और कम्युनिटी एक्टिविटीज का मुख्य केंद्र बनेंगे.

इस खास मौके पर अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में बने ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट और मिजोरम के आइजोल में बने ‘रोपुइलियानी ट्राइबल फ्रीडम फाइटर म्यूजियम’ का भी लोकार्पण किया जाएगा. यह म्यूजियम 19वीं सदी की महान मिजो वीरांगना रोपुइलियानी को समर्पित है, जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ डटकर मुकाबला किया था.

जनजातीय पखवाड़े का समापन

उद्घाटन के साथ-साथ पीएम मोदी कई नए प्रोजेक्ट्स की नींव भी रखेंगे. इनमें 19 नए एकलव्य स्कूलों का निर्माण और आदिवासी उत्पादकों को बेहतर बाजार दिलाने के लिए 12 ट्राइबल मल्टीपर्पज मार्केटिंग सेंटर्स की शुरुआत शामिल है. साथ ही, पीएम-जन्मन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 42 अन्य विकास कार्यों के लिए भी शिलान्यास किया जाएगा.

यह पूरा कार्यक्रम देश भर में 1 नवंबर से 15 नवंबर तक चलाए गए ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ के समापन का प्रतीक है. इस पखवाड़े के दौरान आदिवासी गांवों में स्वास्थ्य शिविर, पारंपरिक हीलर ट्रेनिंग, स्टूडेंट इंटरेक्शन और लिटरेचर फेस्टिवल जैसे कई सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, जिनका मकसद जनजातीय संस्कृति को सहेजना और उनका सर्वांगीण विकास करना है.

यह भी पढ़ें: अयोध्या से सीधे जुड़ेगा माता सीता का मायका जनकपुर धाम, मोदी सरकार ने दी नई साप्ताहिक ट्रेन को मंजूरी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read