Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘नक्सलवाद के खात्मे से बस्तर और गढ़चिरौली में लौटी उम्मीद की रोशनी’, पीएम मोदी बोले- माओवादी आतंक से मिली मुक्ति

जनजातीय गौरव दिवस पर पीएम मोदी ने कहा कि देश को माओवादी आतंक से मुक्ति मिल गई है और इस हिंसा से सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासी समाज ने झेला था. गढ़चिरौली से 3,000 करोड़ के विकास प्रोजेक्ट्स की सौगात देते हुए उन्होंने गरीबों के उत्थान का संकल्प दोहराया.

PM Modi Naxalism Statement Janjatiya Gaurav Diwas Gadchiroli Tribal Development

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश को संबोधित किया. धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के पावन मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि आज जनजातीय गौरव दिवस एक राष्ट्रीय उत्सव का रूप ले चुका है, जो हमारे आदिवासी नायकों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पिछले 12-13 वर्षों में देश में करीब 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं, और सबसे बड़ी बात यह है कि देश को माओवादी आतंक व नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्ति मिल चुकी है.

नक्सलवाद ने छीनी सबसे ज्यादा अपनों की जान

नक्सल हिंसा पर तीखा प्रहार करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस हिंसा से सबसे ज्यादा नुकसान देश के जनजातीय समाज को ही उठाना पड़ा है. साल 2014 के दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि तब देश के करीब 125 जिले नक्सलवाद की चपेट में थे और हर साल सैकड़ों निर्दोष लोग अपनी जान गंवाते थे, जिनमें बड़ी संख्या हमारे आदिवासी भाई-बहनों की होती थी. उस समय माओवादी गरीब परिवारों के बच्चों को जबरन अपने साथ ले जाते थे और वोट तक नहीं डालने देते थे, जबकि पुरानी सरकारें सिर्फ मूकदर्शक बनी रहती थीं.

लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है. नक्सलवाद के खात्मे से आदिवासी क्षेत्रों में सुरक्षा और भरोसे का एक नया माहौल बना है. छत्तीसगढ़ के बस्तर और गढ़चिरौली जैसे इलाकों का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि जिन जगहों पर जाने से लोग डरते थे, वहां अब विकास की रोशनी पहुंच रही है और इस बार वहां की दिवाली उम्मीद के दीपों से जगमगाई है.

3,000 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की सौगात

इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री ने लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाले 246 से अधिक जनजातीय विकास प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और ग्रामीण बुनियादी ढांचे से जुड़े काम शामिल हैं. उन्होंने बताया कि सरकार ने पीएम-जन्मन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा है. पिछले कुछ सालों में चार करोड़ से ज्यादा पक्के घर बने हैं, गांवों तक बिजली पहुंची है और आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रूप में जनजातीय समाज की बेटी सर्वोच्च पद पर बैठकर देश का मार्गदर्शन कर रही है, जो हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है.

यह भी पढ़ें: 66 साल तक मौन रहे बाबा हरिदास, अमेरिका में खड़ी की भारतीय संस्कृति की विरासत; जानिए कौन थे ये महान योगी?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026