Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

36 घंटे का निर्जला व्रत और देशभर में गूंजे छठी मईया के गीत… उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ महापर्व छठ

चार दिवसीय लोकआस्था के महापर्व छठ का सोमवार सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने के साथ भव्य समापन हो गया. देशभर के घाटों पर श्रद्धालुओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर पारण किया.

Chhath Mahaparv Usha Arghya: चार दिनों तक चलने वाले लोकआस्था के महापर्व छठ का सोमवार सुबह उगते हुए सूर्य देव को ‘उषा अर्घ्य’ देने के साथ भव्य समापन हो गया. अंधेरा छंटने से पहले ही देशभर के नदी घाटों, तालाबों और अस्थायी पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा.

दउरे में सजे फल, पारंपरिक पकवान और ठेकुआ का भोग लगाकर व्रतियों ने सूर्य देव की आराधना की और अपना करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास (पारण) तोड़ा. दिल्ली-NCR की चकाचौंध से लेकर बिहार की पारंपरिक छटा तक, इस दौरान आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला.

दिल्ली में लेजर लाइट से जगमगाए घाट(Delhi Chhath Puja)

देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में छठ पूजा की जबरदस्त रौनक दिखाई दी. यमुना किनारे बने कालिंदी कुंज घाट और ग्रेटर कैलाश के कालकाजी DDA फ्लैट्स पार्क में बड़ी संख्या में व्रतियों ने सूर्य देव को अर्घ्य दिया. गाजियाबाद में घाटों की भव्य सजावट और लेजर लाइट शो ने श्रद्धालुओं का खूब ध्यान खींचा.

 

व्रतियों और उनके परिवारों को घाटों तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए दिल्ली मेट्रो ने सोमवार सुबह 4:30 बजे से ही अपनी सेवाएं शुरू कर दी थीं, जिससे सुबह-सवेरे ही पूरा शहर छठ के रंग में रंगा नजर आया.

घाटों पर गूंजे छठी मईया के पारंपरिक गीत

छठ के लिए खास पहचान रखने वाले बिहार और उत्तर प्रदेश में सुबह से ही घाटों पर भारी भीड़ जुटी रही. पटना में गंगा के किनारे और गया के प्राचीन सूर्यकुंड में श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य की उपासना की. वहीं, उत्तर प्रदेश में वाराणसी के गंगा घाटों और अयोध्या में सरयू नदी के तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ सूर्य देव को अर्घ्य दिया. महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत गाए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.

 

पहाड़ों से लेकर देश के अन्य राज्यों तक छाई रही छठ की रौनक

उत्तराखंड के हरिद्वार में पूर्वांचल और बिहार से आए लोगों ने पूरी श्रद्धा के साथ पर्व मनाया, तो वहीं जोशीमठ में कड़ाके की ठंड और बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी. इसके अलावा राजस्थान के उदयपुर-पाली और महाराष्ट्र के जालना में भी प्रवासी परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ महापर्व को हर्षोल्लास के साथ संपन्न किया. अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं.

यह भी पढ़ें: उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा का बड़ा ऐलान: जनजातीय मरीज और सहायक को मिलेगी निःशुल्क हेलीकॉप्टर सेवा, कौशल विकास पर दिया जोर

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026