लोनी में हो गया एनकाउंटर (इमेज-Bharat Express)
Ghaziabad Encounter: गाजियाबाद के लोनी में चेन स्नैचिंग के मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दीपक नाम के बदमाश के पैर में गोली लग गई. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है. उसके पास से लूटी गई चेन, अवैध तमंचा और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है.
दरअसल, 16 नवंबर को लोनी पुलिस चिरोड़ी चौकी बैरियर के पास संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चिरोड़ी बाजार में एक महिला से चेन छीनने वाले बदमाश मोटरसाइकिल से बागपत की तरफ से आ रहे हैं.
सूचना के आधार पर पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी. पुलिस टीम ने उनका पीछा किया. इस दौरान नेवला भट्टी गांव के पास नहर की पटरी पर बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसल गई.

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
बाइक गिरते ही दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. जिसमें दीपक के पैर में गोली लग गई. हालांकि उसका साथी हरिप्रकाश मौके से भागने में कामयाब रहा.
पुलिस ने घायल दीपक के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और महिला से छीनी गई चेन बरामद की है.
ये भी पढ़ें- मेरठ में पूर्व क्रिकेटर के घर चोरी, 18 साल का बेटा निकला मास्टरमाइंड; वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दीपक शामली के झिंझाना का रहने वाला है. उसने अपने साथी हरिप्रकाश के साथ चिरोड़ी बाजार में महिला से चेन छीनने की वारदात कबूल की है. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




