देश के सुरक्षा बलों ने आतंकवाद के खिलाफ एक बार फिर बहुत बड़ी और ऐतिहासिक सफलता हासिल की है. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के अचूक समन्वय से चलाए गए एनकाउंटर में लश्कर-ए-तैयबा के घाटी में बचे अंतिम ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को ढेर कर दिया गया है.
इस बड़ी कामयाबी के बाद देश के गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक भावुक और गर्व से भर देने वाला संदेश साझा किया है, जो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है.
‘राष्ट्र वीर जवानों को सलाम करता है…’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को ट्वीट करते हुए इस सफल ऑपरेशन की जानकारी दी और सुरक्षा बलों की इस मुस्तैदी को देश के लिए गर्व का क्षण बताया. उन्होंने लिखा कि इस ऑपरेशन से ठीक एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके सहयोगी उमर निसार को भी सुरक्षा बलों ने जहन्नुम पहुंचा दिया था.
गृह मंत्री ने भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के इस साझा अभियान को “बहुत उच्च स्तर के तालमेल” का बेहतरीन उदाहरण करार देते हुए अपने ट्वीट के अंत में लिखा कि
राष्ट्र जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के वीर जवानों को सलाम करता है.
आतंक के ताबूत में आखिरी कील
सुरक्षा जानकारों का मानना है कि लतीफ भट का सफाया घाटी में आतंकवाद की कमर तोड़ने जैसा है. पिछले कुछ समय से जिस तरह से सुरक्षा बलों ने चुन-चुनकर आतंकियों का सफाया किया है, उससे साफ हो गया है कि देश की धरती पर आतंक फैलाने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है.
अमित शाह के इस संदेश के बाद आम जनता भी सोशल मीडिया पर देश के वीर जवानों के अदम्य साहस को सलाम कर रही है और सरकार की आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की जमकर सराहना कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



