आज के दौर में टेक्नोलॉजी ने खूब तरक्की कर ली है. आए दिन कोई न कोई नई तकनीक आती रहती है, जो आम आदमी और लोगों की सुरक्षा के लिए काफी मददगार साबित होती है. इसी कड़ी में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने बाइक सुरक्षा को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है. दरअसल, इंटरनेट पर घूम रहे इस वीडियो में दिखता है कि बाइक फिसलते ही राइडर के हेलमेट से एक बड़ा एयरबैग निकलता है और उसके पूरे शरीर को घेर लेता है. कई लोग इसे ‘चीन का कमाल’ बताकर शेयर कर रहे हैं, लेकिन रुकिए…असल में इस वीडियो की कहानी कुछ और ही है.
क्या हो रहा वायरल?
दरअसल, सोशल मीडिया पर ‘एयरबैग वाले हेलमेट’ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो को शेयर करते हुए लोग लिख रहे है कि ये हेलमेट चीन की किसी कंपनी ने बनाया है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही एक राइडर बाइक से स्लिप करता है, उसके हेलमेट से एक बड़ा एयरबैग निकल जाता है. यह एयरबैग उसे पूरी तरह से कवर कर लेता है और बाइक राइडर को एक खरोच भी नहीं आती.
क्या सच में चीन ने बान लिया एयरबैग वाला हेलमेट?
अगर आप इस वीडियो को ध्यान से देखेंगे, तो इसमें कई ऐसी गड़बड़ियां नजर आती हैं जो इसे AI जनरेटेड साबित करती हैं. जैसे कि जब राइडर गिरता है, तो उसके घुटने पर लाल रंग का नीपैड दिखता है, लेकिन एयरबैग पिचकने के बाद वही नीपैड पीले रंग का हो जाता है.
यही नहीं, एयरबैग खुलने पर राइडर का एक हाथ बाहर निकला दिखता है, लेकिन एक चक्कर घूमने के बाद वह हाथ गायब हो जाता है. इसके अलावा वीडियो बना रहे लोगों के फोन स्क्रीन पर भी अलग-अलग दृश्य दिखते हैं. वहीं वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स ने भी इसे AI से बना माना है. रिवर्स सर्च से पता चला कि इसे 2 अक्टूबर 2026 को एक फेसबुक पेज ने डाला था, जहां ऐसे कई काल्पनिक वीडियो मौजूद हैं.
फिलहाल ऐसा कोई हेलमेट बाजार में नहीं है, जिसका एयरबैग खुलकर पूरे शरीर को ढक ले, न ही इसका कोई प्रोटोटाइप सामने आया है. हालांकि, ऊपरी शरीर की सुरक्षा के लिए एयरबैग जैकेट और सिर बचाने वाले एयरबैग हेलमेट पर जरूर काम हुआ है, जैसे 2022 में एरोह (Airoh) और ऑटोलिव (Autoliv) ने सिर की सुरक्षा वाला कॉन्सेप्ट दिखाया था.
जहां तक वायरल दावों में जुड़ी चीनी कंपनियों की बात है, तो ‘लैंक्सी येमा मोटरसाइकिल फिटिंग्स’ ने मई 2022 में सिर और गर्दन की सुरक्षा वाले एयरबैग हेलमेट का पेटेंट जरूर कराया था, जबकि ‘यानफेंग ऑटोमोटिव’ को लेकर ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं मिला. ऐसे में वायरल वीडियो पर आंख मूंदकर भरोसा करना ठीक नहीं है.
यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस एसआई भर्ती 2026 का लेटर हुआ वायरल, 3,212 पदों के दावे पर भर्ती बोर्ड ने दी बड़ी चेतावनी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






