भजनलाल से वसुंधरा तक के इलाकों में बीजेपी को झटका
Rajasthan Panchayat Election: राजस्थान में गांव की सरकार चुनने के लिए हुए पंचायत चुनावों ने बीजेपी की चिंता बढ़ा दी है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से लेकर केंद्र और राज्य सरकार के कई मंत्रियों तक अपने इलाके में पार्टी को जीत नहीं दिला सके. कहीं कांग्रेस ने बीजेपी के गढ़ में सेंध लगा दी तो कहीं हनुमान बेनीवाल की आरएलपी ने सत्ताधारी पार्टी को पीछे छोड़ दिया. जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक आए नतीजों ने साफ कर दिया है कि ग्रामीण इलाकों में बीजेपी की पकड़ को चुनौती मिल रही है. दूसरी तरफ कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी वापसी का दावा मजबूत किया है.
इन चुनावों में सिर्फ बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला नहीं रहा. हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और राजकुमार रोत की भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने भी कई इलाकों में अपनी ताकत दिखाई है. निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अच्छी संख्या में सीटें जीती हैं.
गांवों में कांग्रेस की वापसी
राजस्थान के पंचायती राज चुनावों में 37 जिलों के 475 जिला परिषद सदस्यों और 419 पंचायत समितियों के 7543 वार्डों के नतीजे घोषित किए गए हैं. चार जिलों के नतीजे फिलहाल रोक दिए गए हैं. इन्हें दिसंबर में होने वाले पंचायत चुनावों के नतीजों के साथ जारी किया जाएगा.
प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं ने कांग्रेस पार्टी को पंचायत राज चुनावों में भारी जीत दिलाकर भाजपा सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि अब उसके जाने का समय आ चुका है। नगर निगम चुनावों में भी कांग्रेस पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया था, लेकिन भाजपा ने गुंडागर्दी के दम पर जनादेश को हड़पने का काम किया।
हम लगातार यह बात कह रहे थे कि गांवों में भाजपा के खिलाफ़ माहौल है। किसान, मजदूर, महिलाएं, सभी वर्ग भाजपा सरकार की उपेक्षा और वादाखिलाफ़ी से परेशान हैं। गांवों की समस्याओं को नजरअंदाज करना भाजपा को भारी पड़ा है।
मुख्यमंत्री जी इस जनभावना को भांप नहीं पाए और पूरी भाजपा सत्ता के मद में चूर रही। आज ग्रामीण मतदाताओं ने अपने वोट के जरिए इसका जवाब दिया है।कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई चिरंजीवी योजना सहित जनकल्याणकारी योजनाएं आज भी लोगों को याद आती हैं। सामाजिक सुरक्षा, किसानों को संबल, महिलाओं के लिए योजनाएं और आमजन को राहत देने वाले फैसलों ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव किया था। ग्रामीण जनता ने इन योजनाओं और उस शासनकाल की संवेदनशीलता को याद रखा है।
यह जीत कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे एवं नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी की नीतियों पर जनता की मुहर है। इस शानदार जीत के लिए कांग्रेस पार्टी के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं, समस्त नेताओं और पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। कांग्रेस को समर्थन देने वाले सभी मतदाताओं का हृदय से आभार। यह जीत ग्रामीण जनता के विश्वास और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) November 20, 2026
जिला परिषद के चुनाव में कांग्रेस ने 25 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि बीजेपी को 8 सीटों से संतोष करना पड़ा. निर्दलीय और अन्य उम्मीदवारों के खाते में 3 सीटें गईं. वहीं पंचायत समिति के चुनाव में कांग्रेस ने 213, बीजेपी ने 85 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 56 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की.
पिछले पंचायत चुनावों में बीजेपी ने 29 जिला परिषदों में से 16 पर कब्जा जमाया था, जबकि कांग्रेस को 10 सीटें मिली थीं. इस बार कांग्रेस का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा है. जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा जैसे बड़े जिलों में भी पार्टी ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर वापसी की है.
बीजेपी के मजबूत इलाकों में भी कांग्रेस की सेंध
इन नतीजों की सबसे बड़ी बात यह है कि कांग्रेस ने सिर्फ अपने पुराने मजबूत इलाकों में ही जीत नहीं दर्ज की, बल्कि बीजेपी के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी पार्टी को नुकसान पहुंचाया है. चित्तौड़गढ़, सिरोही, राजसमंद और जालौर जैसे इलाकों में कांग्रेस का प्रदर्शन बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
मेवाड़ से लेकर मारवाड़ तक कांग्रेस ने अपनी मौजूदगी मजबूत की है. अजमेर में बीजेपी को जीत मिली, जबकि उदयपुर में पार्टी किसी तरह अपनी स्थिति बचाने में कामयाब रही.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के इलाके में भी हारी बीजेपी
चुनाव नतीजों में सबसे ज्यादा चर्चा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के इलाके की हो रही है. उनके विधानसभा क्षेत्र सांगानेर की पंचायत समिति में बीजेपी को जीत नहीं मिली. यहां आरएलपी ने बाजी मार ली. वहीं मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की.
केंद्र सरकार के मंत्रियों के इलाकों में भी बीजेपी को झटका लगा है. केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के संसदीय क्षेत्र जोधपुर, अर्जुन राम मेघवाल के बीकानेर और भूपेंद्र यादव के अलवर में कांग्रेस ने जीत हासिल की है.
राज्य सरकार के शहरी विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को भी चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. उनकी पत्नी और दोनों बेटे चुनाव नहीं जीत सके. उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विधानसभा क्षेत्र झोटवाड़ा की पंचायत समिति में बीजेपी सिर्फ एक सीट पर सिमट गई.
मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के इलाके लोहावट में भी बीजेपी का खाता नहीं खुला. यहां कांग्रेस ने 12 सीटें जीतीं, जबकि आरएलपी को दो सीटों पर जीत मिली. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले इलाके में भी पंचायत समिति चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा.
जातीय समीकरण और UGC विवाद का कितना असर?
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक कांग्रेस की जीत के पीछे उसका जातीय समीकरण भी एक बड़ी वजह हो सकता है. पार्टी ने अनुसूचित जाति, जाट, गुर्जर और मीणा समुदाय के साथ-साथ राजपूत वोटों में भी सेंध लगाने की कोशिश की. माना जा रहा है कि इस सामाजिक गोलबंदी का फायदा कांग्रेस को ग्रामीण इलाकों में मिला है.
इसके अलावा चुनाव के दौरान निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी की UGC विरोधी रैली का मुद्दा भी चर्चा में रहा. माना जा रहा है कि इस मुद्दे ने कुछ इलाकों में बीजेपी के चुनावी गणित को प्रभावित किया. हालांकि, नतीजों में इसका कितना सीधा असर पड़ा, यह अलग से जांच का विषय है.
आरएलपी और बीएपी के प्रदर्शन ने भी कांग्रेस और बीजेपी दोनों के सामने नई चुनौती खड़ी की है. खासकर ग्रामीण इलाकों में इन दलों की बढ़ती मौजूदगी बता रही है कि अब वोटर के पास दो बड़ी पार्टियों के अलावा दूसरे विकल्प भी हैं.
डोटासरा और पायलट के इलाकों में कांग्रेस मजबूत
बीजेपी के बड़े नेता जहां अपने इलाके में पार्टी को जीत नहीं दिला सके, वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के प्रभाव वाले क्षेत्रों में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा.
डोटासरा के गृह जिले सीकर और सचिन पायलट के प्रभाव वाले टोंक में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया. इन नतीजों से कांग्रेस को संगठन के स्तर पर भी मजबूती मिली है.
ये भी पढ़ें- ‘इस्तीफे के बाद भी महाभियोग क्यों?’ कैश कांड में घिरे जस्टिस यशवंत वर्मा ने उठाया बड़ा सवाल, दी ये दलील
कुल मिलाकर राजस्थान के पंचायत चुनावों ने बीजेपी के सामने ग्रामीण इलाकों में अपनी पकड़ बनाए रखने की चुनौती खड़ी कर दी है. मुख्यमंत्री और मंत्रियों के क्षेत्रों में मिली हार ने पार्टी के लिए चिंता बढ़ाई है. वहीं कांग्रेस के पक्ष में आए ये नतीजे पार्टी की वापसी के संकेत दे रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





