Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

हमीरपुर में महिलाकर्मी ने बिजली विभाग के एक्सईएन को जड़े पांच थप्पड़, लगाए अश्लील बातों का आरोप

हमीरपुर के बिजली विभाग कार्यालय में महिला कर्मचारी ने छेड़खानी और अश्लील टिप्पणियों का आरोप लगाते हुए एक्सईएन को पांच थप्पड़ जड़ दिए. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दी है.

Hamirpur Electricity Department Woman Staff Slaps XEN Five Times Over Harassment Allegation Video Viral

Hamirpur Crime: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला कर्मचारी ने कथित छेड़खानी से तंग आकर एक्सईएन को एक के बाद एक पांच थप्पड़ जड़ दिए. दफ्तर के भीतर हुए इस पूरे बवाल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद महिला कर्मचारी ने सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, वहीं विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है.

क्या है महिला कर्मचारी का आरोप?

बिजली विभाग के मुख्यालय में काम करने वाली महिला कर्मी का आरोप है कि संबंधित एक्सईएन उन्हें बार-बार फोन करके अपने केबिन में बुलाते थे. महिला के मुताबिक, केबिन में बुलाने के बाद अधिकारी उनका हाथ पकड़ते, हाथ की रेखाओं के बहाने अश्लील व आपत्तिजनक टिप्पणियां करते और उन पर घर आकर चाय पीने का दबाव बनाते थे.

इसी व्यवहार से परेशान होकर शुक्रवार को महिला दफ्तर पहुंची और एक्सईएन से उनकी तीखी बहस हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने आपा खो दिया और अधिकारी को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए. वहां मौजूद अन्य कर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और महिला को बाहर ले गए.

विभागीय पत्र और XEN की सफाई

घटना के बाद महिला ने कोतवाली में शिकायत दी, जबकि अधीक्षण अभियंता ने अभद्रता के आरोपों को गंभीर मानते हुए उच्चाधिकारियों को कार्रवाई की सिफारिश वाला पत्र भेजा है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

दूसरी ओर, आरोपी एक्सईएन ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि उनकी हाल ही में जिले में तैनाती हुई है और उन्होंने महिला कर्मचारी से केवल काम समय से पूरा करने को कहा था, लेकिन ऐसे आरोपों के सामने एक पुरुष अधिकारी के लिए बोलना मुश्किल हो जाता है.

यह भी पढ़ें: जमीन के विवाद में छह महीने से थे जानी दुश्मन, थाने में गले मिलते ही फूट-फूटकर रो पड़े दो सगे भाई

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism