पन्ना में ऑटो चालक को मिला 15 लाख का हीरा
Panna Diamond: कभी-कभी किस्मत ऐसी पलटी मारती है कि इंसान को खुद अपनी आंखों पर भरोसा नहीं होता. रात में आने वाला एक सपना किसी की जिंदगी बदल सकता है ऐसा शायद ही किसी ने सोचा होगा. रोजमर्रा की भागदौड़ में ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करने वाले एक व्यक्ति की किस्मत देव उठनी के पावन अवसर पर अचानक चमक उठी. उसे खदान में अचानक से लाखों का चमचमाता हीरा मिल गया. खास बात ये है कि उसे पिछले 15 दिनों से हीरा मिलने का सपना आ रहा था.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हीरा 3.17 कैरेट का है. जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है. हीरे के पारखियों के मुताबिक यह जेम्स क्वालिटी का हीरा है, जिसकी बाजार में बहुत मांग रहती है.
देव उठनी के अवसर पर मालामाल होने वाले इस ऑटो चालक की पहचान सोनू रैकवार के तौर पर हुई है. सोनू के पिता का नाम बाबूलाल रैकवार है.
15 दिनों से आ रहे थे हीरा मिलने के सपने
सोनू के मुताबिक पिछले 10 से 15 दिनों से उन्हें रात में सोते समय लगातार हीरा मिलने के सपने आ रहे थे. जब नींद खुलती तो उन्हें लगता कि काश यह सपना सच हो जाए. आखिरकार उन्होंने यह बात अपने परिवार वालों को बताई, जिसके बाद घरवालों ने उन्हें खदान लगाने की सलाह दी.
परिवार की सलाह पर सोनू ने कार्यालय से पट्टा लिया और पहली बार रानीपुर क्षेत्र में उथली खदान शुरू कर दी. हैरानी की बात यह है कि खदान लगाने के महज 15 दिनों की मेहनत में ही उनका सपना सच हो गया और उन्हें 3.17 कैरेट का चमचमाता हीरा मिल गया. जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है.
जेम्स क्वालिटी का है हीरा
इस बड़ी कामयाबी के बाद सोनू और उनके परिवार में खुशी का माहौल है. सोनू ने कहा कि नीलामी से मिलने वाली रकम से वे आगे भी खदान लगाएंगे और बड़े हीरे की तलाश जारी रखेंगे, क्योंकि उन्हें अब भी बड़ा हीरा मिलने के सपने आ रहे हैं. फिलहाल इस हीरे को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है.
ये भी पढ़ें- भजनलाल से वसुंधरा तक के इलाकों में बीजेपी को झटका, पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा
हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार, यह जेम्स क्वालिटी का हीरा है, जिसकी बाजार में अच्छी मांग है और इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि हीरा कार्यालय में अब तक 175 नग हीरे जमा हैं, जिनका वजन 387.21 कैरेट और अनुमानित कीमत 3 करोड़ 1 लाख रुपये है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



