भारत अब सिर्फ खेलों में हिस्सा लेने वाला देश नहीं रह गया है, बल्कि एक मजबूत वैश्विक खेल अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है. शुक्रवार को नई दिल्ली में फिक्की (FICCI) के खेल व्यवसाय पर आधारित वैश्विक शिखर सम्मेलन ‘टर्फ’ (TURF) के 16वें संस्करण का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने यह बात कही. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने खेल को राष्ट्र-निर्माण के एजेंडे के केंद्र में रखा है और हमारा लक्ष्य खेल के मैदान से लेकर पोडियम तक हर खिलाड़ी के लिए अवसर तैयार करना है.
स्पोर्ट्स मैन्युफैक्चरिंग पर जोर
डॉ. मांडविया ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया’ और ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम’ जैसी पहलों ने जमीनी स्तर पर बड़ा बदलाव लाया है. हाल ही में कैबिनेट ने नई ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत अगले पांच वर्षों के लिए 36,441 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है. इसके नतीजे मैदान पर भी दिख रहे हैं. एशियाई खेल 2026 में भारत चौथे स्थान पर रहा, जबकि एशियाई पैरा खेल 2026 में हमारे खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड 114 पदक जीतकर इतिहास रचा.
इसके साथ ही सरकार ने 1,856.67 करोड़ रुपये की ‘खेलो इंडिया स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम’ को भी मंजूरी दी है, ताकि भारत खेल के सामान के निर्माण और नवाचार का वैश्विक केंद्र बन सके.
2036 ओलंपिक की मेजबानी का लक्ष्य
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ‘खेलो भारत नीति 2025’ और ‘नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट’ ने खेल प्रशासन में पारदर्शिता सुनिश्चित की है. बीते 18 महीनों में देश के 18 शहरों में 40 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन भारत की बढ़ती क्षमता को दर्शाता है. अब भारत अहमदाबाद में 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के साथ-साथ 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी पूरी तरह तैयार है.
उन्होंने निजी क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से ‘मेक इन इंडिया, प्ले इन इंडिया और ग्रो विद इंडिया’ के मंत्र के साथ आगे आने की अपील की, ताकि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में खेल क्षेत्र की अहम भागीदारी सुनिश्चित हो सके.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


