Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

क्या DJ के तेज शोर से जा सकती है जान? जानिए सेहत पर कितना खतरनाक है यह धमाका

शादी-ब्याह और जुलूसों में बजने वाला तेज डीजे सिर्फ कानों को ही नहीं, बल्कि दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर को भी गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है. जानिए 100 डेसिबल से ऊपर का शोर हृदय रोगियों, नवजात बच्चों और बुजुर्गों के लिए कैसे जानलेवा साबित हो सकता है.

Can Loud DJ Music Be Fatal Know How High Decibel Noise Affects Heartbeat Blood Pressure And Health

Loud DJ Affect on Health: शादी-ब्याह हो, बारात निकले या कोई धार्मिक जुलूस, तेज आवाज में डीजे बजाना आजकल हर जश्न का जरूरी हिस्सा बन गया है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कानों को सुन्न कर देने वाला यही शोर किसी की सेहत और जिंदगी पर कितना भारी पड़ सकता है?

नवंबर 2026 में उत्तर प्रदेश के बलिया में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान महज 20 दिन की एक मासूम बच्ची की मौत हो गई. परिजनों का आरोप था कि घर के बाहर बज रहे तेज डीजे की वजह से बच्ची की तबीयत बिगड़ी. पुलिस ने डीजे तो जब्त कर लिया, पर पोस्टमार्टम में मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी. हालांकि, इस घटना ने तेज शोर के सेहत पर पड़ने वाले खतरनाक असर को लेकर एक बार फिर बड़ी बहस छेड़ दी है.

अचानक तेज शोर बीपी को कैसे बिगाड़ता है?

इस सवाल को समझने के लिए कार्डियोलॉजिस्ट्स बताते हैं कि बहुत तेज आवाज का सबसे पहला असर घबराहट और बेचैनी के रूप में दिखता है. हालांकि इसका हार्ट एक्टिविटी से सीधा संबंध नहीं होता, लेकिन यह अप्रत्यक्ष रूप से दिल पर भारी दबाव डाल सकता है.

अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर शरीर में ‘स्ट्रेस रिस्पॉन्स’ शुरू हो जाता है, जिससे हार्टबीट और ब्लड प्रेशर दोनों तेजी से बढ़ सकते हैं. आम तौर पर एक स्वस्थ वयस्क का दिल एक मिनट में 70 से 80 बार धड़कता है, जो दौड़ने या वर्कआउट के दौरान बढ़ता है. ठीक वैसे ही तेज शोर में भी दिल की धड़कन तेज हो जाती है, जिसे ‘हार्ट रेसिंग’ कहा जाता है.

अगर किसी व्यक्ति की दिल की नसों में पहले से 70 से 90 प्रतिशत तक ब्लॉकेज है, तो धड़कन बढ़ने से दिल पर ठीक वैसा ही अतिरिक्त दबाव पड़ता है जैसा ट्रेडमिल टेस्ट के दौरान महसूस होता है. डॉक्टर सलाह देते हैं कि जिन लोगों को पहले हार्ट अटैक आ चुका है या जिनकी एंजियोप्लास्टी व बाईपास सर्जरी हुई है, उन्हें लाउडस्पीकर के पास खड़े होने से हर हाल में बचना चाहिए.

कितने डेसिबल की आवाज है खतरे की घंटी?

आवाज की तीव्रता को डेसिबल में नापा जाता है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के मुताबिक, रिहायशी इलाकों में शोर की तय सीमा दिन में 55 और रात में 45 डेसिबल है.

वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का मानना है कि आवाज जितनी तेज होगी, उतने ही कम समय में वह आपकी सुनने की क्षमता को नुकसान पहुंचा सकती है. मसलन, 80 डेसिबल की आवाज को हफ्ते में 40 घंटे तक सुनना सुरक्षित है, लेकिन 90 डेसिबल होते ही यह सुरक्षित समय घटकर सिर्फ चार घंटे रह जाता है. चिंता की बात यह है कि डीजे और लाउड म्यूजिक कार्यक्रमों में आवाज अक्सर 100 डेसिबल के पार चली जाती है.

पहले भी सामने आ चुके हैं मामले?

बलिया की घटना अकेली नहीं है. अक्टूबर 2026 में सिद्धार्थनगर में दो दिन के नवजात की मौत पर भी परिवार ने डीजे को जिम्मेदार बताया था, हालांकि पोस्टमार्टम में इसकी पुष्टि नहीं हुई.

इससे पहले सितंबर 2026 में मध्य प्रदेश के बैतूल में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान 17 साल की लड़की की मौत हुई थी, जिसे बचपन से दिल की बीमारी थी. इसी तरह दिसंबर 2025 में मुजफ्फरनगर की एक शादी में 14 वर्षीय छात्रा और सितंबर 2025 में छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में डीजे पर नाचते हुए 15 साल के किशोर की जान चली गई थी.

डॉक्टर के अनुसार, हर स्वस्थ बच्चे को तेज आवाज से कार्डियक अरेस्ट हो जाए ऐसा जरूरी नहीं, लेकिन यदि किसी बच्चे या व्यक्ति को जन्मजात या छिपी हुई हृदय समस्या हो, तो तेज शोर से होने वाला डर और घबराहट स्थिति को जानलेवा बना सकता है.

खुद को और अपनों को शोर से कैसे बचाएं?

बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखें: घर के बाहर जुलूस या बारात निकले तो नवजात शिशुओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों को खिड़की-दरवाजे बंद करके सबसे शांत कमरे में रखें.

सुरक्षित दूरी बनाएं: डीजे और बड़े स्पीकर्स के बिल्कुल करीब खड़े न हों और शोर के संपर्क में रहने का समय कम से कम रखें.

सही सुरक्षा अपनाएं: छोटे बच्चों के लिए उपयुक्त ईयर-मफ्स का इस्तेमाल करें. ध्यान रखें कि नवजात शिशु के कान में रूई या कोई अन्य चीज अंदर न डालें.

नियमों का पालन कराएं: देश में आमतौर पर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक खुली जगहों पर लाउडस्पीकर बजाने पर पाबंदी है. यदि कोई नियम तोड़े, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें.

जश्न मनाने का हक हर किसी को है, लेकिन हमारी खुशियां किसी दूसरे की सेहत या जिंदगी की कीमत पर नहीं होनी चाहिए. आवाज को सीमित रखना सिर्फ कानून ही नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक जिम्मेदारी भी है.

यह भी पढ़ें: कोहरे में गाड़ी चलाते वक्त कौन सी लाइट जलाएं? लो बीम या हाई बीम… सही जवाब यहां जानें

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism