Ujjain Simhastha 2028 News: उज्जैन/मनोज भटनागर: धार्मिक नगरी उज्जैन में आगामी सिंहस्थ महाकुंभ 2028 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में रेलवे और जिला प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे की भूमि से आधा दर्जन अवैध मजारों और अन्य अतिक्रमणों को हटाकर करीब 15 हजार वर्ग फीट जमीन खाली कराई है. हालांकि, एक ओर जहां यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने का काम जोरों पर है, वहीं दूसरी ओर मोक्षदायिनी शिप्रा नदी में कम होते जलस्तर ने साधु-संतों और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है.
शिप्रा में जलस्तर के मुद्दे पर ‘त्रिशूल शिवगण वाहिनी’ के तत्वावधान में 550 किलोमीटर लंबी संपूर्ण शिप्रा परिक्रमा यात्रा का आगाज किया गया है, जिसमें यह गंभीर सवाल उठाया गया है कि जल बिन कुंभ स्नान कैसे होगा?
रेलवे की जमीन पर बुलडोजर एक्शन
सिंहस्थ 2028 में देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने अपनी भूमि को कब्जा मुक्त कराने की बड़ी कार्रवाई की है. संबंधित भूमि पर अतिक्रमण का मामला कई वर्षों से न्यायालय में लंबित था. न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) समाप्त होने के बाद रेलवे ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत बुलडोजर कार्रवाई की.
रेलवे के प्लेटफॉर्म नंबर 8 की ओर और नीलगंगा मार्ग स्थित दो अलग-अलग स्थानों से आधा दर्जन मजारों के अलावा गुमटियां व अन्य अवैध निर्माण हटाए गए. इससे कुल 15 हजार स्क्वेयर फीट जमीन खाली हुई. मौके पर आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और जिला पुलिस बल के साथ एसडीएम व तहसीलदार सहित 300 से अधिक लोगों का अमला तैनात रहा.
शिप्रा में कम पानी पर चिंता
एक तरफ जमीन खाली कर निर्माण कार्यों की राह खोली जा रही है, तो दूसरी तरफ कुंभ की आत्मा मानी जाने वाली शिप्रा नदी की अविरलता और स्वच्छता को लेकर आवाज बुलंद हुई है. त्रिशूल शिवगण वाहिनी के तत्वावधान में रामघाट पर शिप्रा पूजन के बाद ज्योतिष्पीठ शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के आशीर्वाद से संपूर्ण शिप्रा परिक्रमा यात्रा शुरू की गई.
वाहिनी के संस्थापक सुरेन्द्र चतुर्वेदी ने बताया कि उद्गम से संगम तक जाने वाली यह चार दिवसीय यात्रा 21 से 24 नवंबर तक आठ पड़ावों से गुजरते हुए लगभग 550 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और ‘एक दीया शिप्रा के नाम’ आयोजन के साथ संपन्न होगी.
जल बिन कुंभ स्नान कैसे संभव?
त्रिशूल शिवगण वाहिनी के संस्थापक आदित्य नागर ने बताया कि शंकराचार्य महाराज ने यह महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया है कि जब शिप्रा में स्वयं शिप्रा का जल ही नहीं रहेगा, तो कुंभ स्नान कैसे संभव हो पाएगा. उन्होंने प्रशासन और सरकार से नदी को निरंतर प्रवाहमान व निर्मल बनाने का आह्वान किया है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में मंत्री, बॉर्डर पर पकड़ा गया पाकिस्तानी नागरिक; अवैस रजा के बारे में क्या पता चला?
तैयारियों के बीच संतुलन की चुनौती
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए स्टेशन विस्तार और अतिक्रमण हटाने जैसे कदम भविष्य की भीड़ को संभालने के लिए बेहद जरूरी हैं. लेकिन इसके साथ ही श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र शिप्रा नदी में शुद्ध और निरंतर जल प्रवाह सुनिश्चित करना भी प्रशासन के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक बन गया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





