हरिद्वार के चंडी घाट पर होगा CM योगी की मां का अंतिम संस्कार
CM Yogi Mother Funeral: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का आज शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा. सुबह 10 बजे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. सीएम योगी की मां को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग चंडी घाट पहुंच रहे हैं. अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. हिंदू रीति-रिवाजों और पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार सभी रस्में निभाई जा रही हैं.
सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 साल की उम्र में निधन हो गया था. उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में आखिरी सांस ली. मां के निधन की खबर मिलने के बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उत्तराखंड पहुंचे थे. उन्होंने अपने पैतृक गांव पंचूर में मां के अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी.
आचार्य बालकृष्ण ने दी श्रद्धांजलि
सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देने के लिए कई लोग चंडी घाट पहुंच रहे हैं. पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में अंतिम संस्कार भी एक महत्वपूर्ण संस्कार है. मां की कोई उम्र नहीं होती. उन्होंने बताया कि वे खुद भी कई बार सावित्री देवी से मिले थे और उनके विचारों से काफी प्रभावित थे.
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि यह दुख की घड़ी है. उन्होंने चंडी घाट के धार्मिक और पौराणिक महत्व का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जिस तरह काशी का विशेष महत्व है, उसी तरह मां गंगा को मोक्षदायिनी माना जाता है. गंगा के किनारे अंतिम संस्कार को हिंदू परंपरा में विशेष धार्मिक महत्व दिया जाता है.
पंचूर गांव में पसरा मातम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव पंचूर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित है. सावित्री देवी के निधन के बाद गांव में शोक का माहौल है. परिवार और करीबियों के लिए यह बेहद दुखद समय है. 91 साल की उम्र में सावित्री देवी के निधन की खबर सामने आने के बाद उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का सिलसिला जारी है.
ये भी पढ़ें- ‘सत्ता की चाह ने कुंठित बना दिया…’ अखिलेश यादव को लेकर गोरखपुर में जेसीबी हादसे में जान गंवाने वाले किशोर के पिता
आज हरिद्वार के चंडी घाट पर अंतिम संस्कार के साथ सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी जाएगी. इस दौरान धार्मिक परंपराओं के अनुसार सभी अंतिम रस्में पूरी की जाएंगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




