Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

गाजियाबाद के प्लास्टिक गोदाम में लगी भीषण आग, काबू पाने में लगे 8 घंटे

गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र स्थित रावली रोड पर एक प्लास्टिक गोदाम में रात करीब 12.33 बजे भीषण आग लग गई, जिस पर दमकल विभाग की टीमों ने आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया.

Massive Fire At Plastic Warehouse In Muradnagar Ghaziabad Brought Under Control After 8 Hours

PHOTO CREDIT: IANS

Ghaziabad Massive Fire: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली रोड स्थित एक प्लास्टिक गोदाम में आधी रात को अचानक भीषण आग लग गई. गोदाम के भीतर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान और वेस्ट मटीरियल रखा होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई देने लगीं. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आग की चपेट में आकर वहां खड़ा एक वाहन पूरी तरह जल गया.

कई फायर स्टेशनों से पहुंचीं गाड़ियां

अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना रात 12 बजकर 33 मिनट पर मिली थी, जिसके तुरंत बाद मोदीनगर फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर वैशाली फायर स्टेशन से एक वाटर बाउजर और गाजियाबाद कोतवाली फायर स्टेशन से एक वाटर बाउजर व एक फायर टैंकर बुलाया गया. इसके अलावा ऑर्डिनेंस फैक्ट्री मुरादनगर की दमकल गाड़ी ने भी मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला.

दमकलकर्मियों ने लगातार करीब आठ घंटे तक कड़ी मेहनत कर आग को पूरी तरह बुझाया और आसपास फैलने से रोककर गोदाम मालिक का बाकी सामान सुरक्षित बचा लिया.

वसुंधरा की सोसाइटी में भी भड़की थी आग

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके स्थित जेकेजी हाइट्स सोसाइटी के आठवें और नौवें फ्लोर पर भी आग लगने की घटना सामने आई थी. फ्लैट संख्या 801 और 901 में लगी आग को बुझाने के लिए दमकल विभाग की चार गाड़ियों के साथ एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी मौके पर लगाया गया था.

उस घटना में भी दमकल टीमों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आसपास के अन्य फ्लैटों को सुरक्षित बचा लिया था और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई थी.

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में फिर बहा खून! ड्यूटी पर जा रहे अतुल दुबे को घेरकर कुल्हाड़ी और लोहे के रम्मे से मार डाला

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism