सिख श्रद्धालु पाकिस्तान रवाना, करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग
Sikh Pilgrims Pakistan: ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों के बीच 1,822 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान के लिए रवाना हो गया. प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से इस धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया है. जत्था पाकिस्तान में मौजूद ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करेगा. अमृतसर स्थित एसजीपीसी मुख्यालय के तेजा सिंह समुंदरी हॉल से रवाना होते समय माहौल गुरबाणी और जयकारों से गूंज उठा.
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज भी जत्थे को विदाई देने पहुंचे. उन्होंने श्रद्धालुओं की चढ़दी कला और यात्रा की सलामती के लिए अरदास की और फतेह बुलाकर उन्हें रवाना किया.
1828 में से 1822 श्रद्धालुओं को मिला वीजा
एसजीपीसी के मुताबिक, पाकिस्तान यात्रा के लिए कुल 1,828 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा प्रक्रिया के लिए भेजे गए थे. इनमें से पाकिस्तान दूतावास ने 1,822 लोगों को वीजा जारी किया, जबकि छह श्रद्धालुओं के आवेदन रद्द कर दिए गए. जत्थे की अगुवाई एसजीपीसी सदस्य बीबी परमिंदर कौर कर रही हैं. उनके साथ कार्यकारिणी सदस्य रविंदर सिंह खालसा, सदस्य गुरनाम सिंह जस्सल, बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला और जनरल मैनेजर लखबीर सिंह भी पाकिस्तान गए हैं.
करतारपुर कॉरिडोर खोलने और वीजा बढ़ाने की मांग
जत्थे को रवाना करने के बाद जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा कि हर गुरु नानक नाम लेवा सिख अपनी अरदास में बिछड़े हुए पवित्र गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार की कामना करता है. उन्होंने दोनों देशों में अमन, शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अरदास भी की.
जत्थेदार ने लंबे समय से बंद पड़े श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को जल्द खोलने की मांग उठाई. उन्होंने कहा कि दोनों तरफ के पंजाब की मातृभाषा पंजाबी है और यह लोगों को आपस में जोड़ती है. ऐसे में इस कॉरिडोर का खुलना जरूरी है. उन्होंने दोनों देशों की सरकारों से श्रद्धालुओं के लिए वीजा की संख्या बढ़ाने और ऑन-अराइवल वीजा जैसी आसान सुविधाएं देने की अपील की.
उन्होंने एसजीपीसी के जनरल हाउस के उस प्रस्ताव का भी समर्थन किया, जिसमें श्री गुरु नानक देव जी के ज्योति जोत दिवस और श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व पर भी प्रोटोकॉल जत्थे भेजने की अनुमति मांगी गई है.
ननकाना साहिब, पंजा साहिब और करतारपुर साहिब जाएंगे श्रद्धालु
एसजीपीसी सदस्य बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला ने बताया कि यह यात्रा 10 दिनों की होगी. जत्था सबसे पहले श्री गुरु नानक देव जी के जन्मस्थान श्री ननकाना साहिब पहुंचेगा. यहां श्रद्धालु गुरुद्वारा जन्म अस्थान, पट्टी साहिब, क्यारा साहिब समेत दूसरे ऐतिहासिक गुरुद्वारों में माथा टेकेंगे. इसके बाद गुरुद्वारा सच्चा सौदा और गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब के दर्शन किए जाएंगे. यात्रा के अगले चरण में श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब पहुंचेंगे. इसके बाद लाहौर स्थित गुरुद्वारा डेरा साहिब समेत अन्य पवित्र स्थलों के दर्शन करेंगे. गुरुद्वारा डेरा साहिब श्री गुरु अर्जन देव जी का शहीदी स्थान है.
पहली बार पाकिस्तान जा रहे कई श्रद्धालु
पाकिस्तान जा रहे श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला. श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई प्यार अकाल सिंह ने बताया कि उन्हें पहली बार पाकिस्तान के गुरुधामों में कीर्तन सेवा करने का मौका मिल रहा है. लुधियाना के रमनप्रीत सिंह भोरिया भी पहली बार इस यात्रा पर जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि बंटवारे के समय उनका परिवार पाकिस्तान से भारत आया था. अब बिछड़े हुए गुरुधामों के दर्शन करने की उनकी वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हो रही है. उत्तराखंड से दूसरी बार जा रहे हरजिंदर सिंह ने भी वीजा मिलने पर खुशी जताई.
ये भी पढ़ें- राहुल नार्वेकर ने रामराव वडकुटे के निधन पर जताया दुख, बोले- खबर बेहद पीड़ादायक और हृदयविदारक
अधिकांश श्रद्धालुओं ने पासपोर्ट और वीजा से जुड़ी प्रक्रिया में एसजीपीसी की व्यवस्थाओं की तारीफ की. हालांकि, गुरदासपुर के धारीवाल से आए एक श्रद्धालु जत्थे ने समय की सही जानकारी नहीं मिलने से थोड़ी परेशानी होने की बात कही. यह जत्था 10 दिवसीय धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद 1 दिसंबर को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत लौटेगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




