आज भारत आएंगे नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह
Balendra Shah India Visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज रविवार को दो दिन के राजकीय दौरे पर भारत पहुंच रहे हैं. बालेन्द्र शाह का 22 और 23 नवंबर का यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुलावे पर हो रहा है. गौरतलब है कि शाह के पद संभालने के बाद भारत की उनकी पहली यात्रा है. यह भी बताया जा रहा है कि विदेश में भी उनकी यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है.
भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरे में दोनों देशों के रिश्तों के हर पहलू की समीक्षा की जाएगी. इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर भी बात होगी.
मुलाकातें और बातचीत का शेड्यूल
बालेन्द्र शाह इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मिलेंगे. वहीं सोमवार 23 नवंबर को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत होनी है. इस बैठक में आपसी रिश्तों के अहम मुद्दों के साथ-साथ क्षेत्रीय और दुनिया भर के उन मसलों पर भी चर्चा होगी, जिनसे दोनों देशों के हित जुड़े हैं.
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, बालेन्द्र शाह आज नेपाल एयरलाइंस की फ्लाइट से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे. उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यानजनकर और कई बड़े सरकारी अधिकारी भी आ रहे हैं.
परियोजनाओं, समझौतों और कारोबार पर फोकस
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि 23 नवंबर को दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की चर्चा होगी. बातचीत के बाद दोनों नेता मिलकर मीडिया को संबोधित भी करेंगे. पीएम मोदी अपने नेपाली समकक्ष और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में लंच भी देंगे.
विदेश सचिव के अनुसार, इस दौरे में कनेक्टिविटी और ऊर्जा से जुड़ी कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन होने की उम्मीद है. साथ ही कुछ नई योजनाओं की नींव भी रखी जा सकती है.
व्यापार और खेती-किसानी पर रह सकता है फोकस
व्यापार, आवाजाही (परिवहन), निवेश, ऊर्जा, संपर्क नेटवर्क और इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने पर खास जोर रहने की उम्मीद है. इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती-किसानी, खेल, आपदा से निपटने की तैयारी और स्किल/मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर बात और आदान-प्रदान प्रस्तावित है.
नेपाल से 34 सदस्यों का आधिकारिक दल भारत के लिए रवाना होगा. जिसमें दिल्ली में मौजूद नेपाल के राजदूत और कुछ अन्य लोग भी जुड़ेंगे. इसके अलावा 52 कारोबारियों का एक दल अपने खर्च पर इस दौरे में आएगा.
इस दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम भी लगेगा, ताकि नेपाल में भारतीय निवेश बढ़े और दोनों देशों के व्यापारियों को नई साझेदारी के मौके मिल सकें.
दोनों देशों के बीच रिश्तों की नींव होगी मजबूत
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में याद दिलाया है कि भारत और नेपाल के बीच पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्ते हैं. जिन्हें लोगों के आपसी जुड़ाव ने और मजबूत किया है.
ये भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश के ‘M’ फैक्टर का नया सियासी अध्याय, आजम खान और असदुद्दीन ओवैसी क्या हो रहा है?
मंत्रालय के मुताबिक, व्यापार, विकास साझेदारी, ऊर्जा-जल संसाधन और सड़क-डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच काम आगे बढ़ा है. मंत्रालय का कहना है कि यह दौरा दोनों देशों के बीच लगातार होने वाली उच्चस्तरीय बैठकों की कड़ी को आगे बढ़ाता है और दिखाता है कि भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति में नेपाल की क्या अहमियत है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



