Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

11 हजार वोल्ट की लाइन और दो कलाकार, फिरोजाबाद के सिरसागंज में बग्गी में उतरा करंट; हुई मौत

फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर बाजवा गांव में शनिवार रात शादी की घुड़चढ़ी के दौरान बैंड की बग्गी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गई. बग्गी में करंट फैलने से दो बैंड कलाकारों और दो घोड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई.

Firozabad Wedding Tragedy Baggi Touches High Tension Wire Band Artists Die

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शनिवार रात एक शादी समारोह की खुशियां पलभर में चीख-पुकार और मातम में बदल गईं. सिरसागंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर बाजवा गांव में घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान बैंड-बाजे की सजी हुई बग्गी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई. पूरी बग्गी में करंट उतरने से उस पर सवार दो बैंड कलाकारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बग्गी खींच रही दो घोड़ियों ने भी दम तोड़ दिया. इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी झुलसकर घायल हुआ है, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.

मथुरा के फरह से आई थी बारात

जानकारी के अनुसार, दौलतपुर बाजवा गांव के रहने वाले सुभाष चंद्र की भतीजी निशा की शादी थी और मथुरा के फरह क्षेत्र से बारात आई हुई थी. शादी में बाजा बजाने के लिए सिरसागंज कस्बे के जनता बैंड को बुलाया गया था.

शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे बारात में धूमधाम से घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी. इसी बीच आगे बढ़ रही बैंड की ऊंची बग्गी ऊपर लटक रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई. देखते ही देखते पूरी बग्गी में तेज करंट दौड़ गया और वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी व भगदड़ मच गई.

सिरसागंज के रहने वाले थे दोनों मृतक

इस दर्दनाक हादसे में बग्गी पर मौजूद गायक पप्पू सिद्दीकी (करीब 45 वर्ष), निवासी मियां बाजार सिरसागंज और बैंडकर्मी अकील (करीब 42 वर्ष), निवासी नगला राधे थाना सिरसागंज की करंट लगने से मौत हो गई. वहीं बग्गी में जुड़ी दोनों घोड़ियों की भी मौके पर जान चली गई. करंट की चपेट में आए एक अन्य व्यक्ति को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जिसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.

सूचना पर पहुंची सिरसागंज थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और परिजन मोहम्मद उमर समेत अन्य लोगों से जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: बेरोजगार युवाओं की हुई बल्ले-बल्ले! सिर्फ रिज्यूम लेकर पहुंचें झांसी के इस कॉलेज, 35 हजार सैलरी वाली 3000+ जॉब्स तैयार

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism