मां को अंतिम विदाई देते हुए भावुक हुए CM योगी
CM Yogi Mother Rites: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी. उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में मां के अंतिम दर्शन के दौरान सीएम योगी भावुक नजर आए. इस मौके पर परिवार के लोगों के साथ कई मंत्री और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे. सावित्री देवी का शुक्रवार, 20 नवंबर को 91 साल की उम्र में निधन हो गया था. उनका अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडीघाट स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा.
मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे. यहां उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए. अंतिम दर्शन के दौरान कई बार उनकी आंखें नम नजर आईं. गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे.
सोशल मीडिया पर मां को याद कर भावुक हुए योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश लिखा. उन्होंने कहा,
मां जैसी कोई छाया नहीं, मां जैसी कोई शरण नहीं… मां जैसी कोई सुरक्षा नहीं, मां जैसा कोई प्यार नहीं…
सीएम योगी के इस संदेश में मां के प्रति उनका प्रेम और भावनाएं साफ नजर आईं. मां के निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने भी शोक जताया है.
अपर्णा यादव और कई मंत्री भी पहुंचे
मुख्यमंत्री की मां की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव भी चार्टर विमान से रवाना हुईं. उनके साथ उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे.
इसके अलावा मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश शर्मा भी चार्टर विमान से उत्तराखंड के लिए रवाना हुए. सभी ने मुख्यमंत्री के प्रति संवेदना जताने और शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए अंत्येष्टि में शामिल होने का फैसला किया.
रामदेव और आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भी जताया दुख
योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर योग गुरु रामदेव और श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भी श्रद्धांजलि दी है. दोनों ने इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई.
ये भी पढ़ें- हरिद्वार के चंडी घाट पर होगा CM योगी की मां का अंतिम संस्कार, सुबह 10 बजे दी जाएगी अंतिम विदाई
सावित्री देवी ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में 91 साल की उम्र में अंतिम सांस ली थी. आज हरिद्वार के चंडीघाट स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




