योगी आदित्यनाथ ने मां सावित्री देवी को दी अंतिम विदाई
Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए आज का दिन बेहद भावुक रहा. मां सावित्री देवी के निधन के बाद उन्होंने हरिद्वार के चंडी घाट पर उन्हें अंतिम विदाई दी. उत्तराखंड के पंचूर गांव से उनकी अंतिम यात्रा चंडी घाट पहुंची, जहां पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया, अंतिम दर्शन किए और चरण स्पर्श कर नमन किया. प्रदेश के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी निभाने वाला मजबूत व्यक्तित्व आज मां को खोने के दर्द से जूझता एक बेटे नजर आया. उनकी नम आंखें इस दुख को बयां कर रही थीं.
सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को उत्तराखंड के पंचूर गांव में निधन हो गया था. शनिवार को उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार पहुंची. चंडी घाट पर उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए नेता, संत और बड़ी संख्या में लोग जुटे. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी योगी आदित्यनाथ के साथ मौजूद रहे. उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी श्रद्धांजलि दी. परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, स्वतंत्र देव सिंह समेत यूपी सरकार के कई मंत्री, विधायक और बीजेपी नेता अंतिम संस्कार में शामिल हुए. उत्तराखंड सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधि भी वहां पहुंचे.
संत समाज ने भी दी श्रद्धांजलि
सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देने के लिए संत समाज की भी बड़ी मौजूदगी रही. स्वामी चिदानंद सरस्वती, स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और आचार्य प्रमोद कृष्णम समेत कई संतों ने उन्हें नमन किया. सभी ने कहा कि मां की जगह कोई नहीं ले सकता और उनका जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता. संतों ने सावित्री देवी के संस्कारों और व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उनके दिए संस्कारों की झलक योगी आदित्यनाथ के जीवन में दिखाई देती है.
मंत्री दयाशंकर सिंह ने माता कौशल्या से की तुलना
इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जिस तरह माता कौशल्या ने भगवान राम को जन्म दिया, उसी तरह माता सावित्री ने योगी आदित्यनाथ को जन्म दिया. वहीं, आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि मां ने ऐसे बेटे को जन्म दिया, यह गर्व और आशीर्वाद की बात है. स्वामी चिदानंद सरस्वती ने भी सावित्री देवी के व्यक्तित्व और विचारों को प्रेरणादायक बताया. उन्होंने कहा कि उनके संस्कारों का प्रभाव योगी आदित्यनाथ के जीवन में दिखाई देता है.
योगी के व्यक्तित्व में दिखते हैं मां के संस्कार
उत्तराखंड के पहाड़ों में बसे पंचूर गांव से शुरू हुआ सावित्री देवी का जीवन संघर्ष और संस्कारों की कहानी रहा. एक साधारण परिवार में बेटे की परवरिश से लेकर उसके संन्यास लेने और फिर उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की कमान संभालने तक के सफर में मां के संस्कारों की अहम भूमिका रही. उनके निधन पर लोग योगी आदित्यनाथ के व्यक्तित्व, अनुशासन और जीवन मूल्यों के पीछे उनकी मां की परवरिश को याद कर रहे हैं.
चंडी घाट पर आज एक मां को उसके बेटे ने आखिरी विदाई दी. सत्ता, पद और जिम्मेदारियों से अलग योगी आदित्यनाथ एक बेटे के रूप में नजर आए. हजारों लोगों की मौजूदगी, संत समाज की श्रद्धांजलि और नम आंखों से दी गई विदाई के बीच हर किसी ने यही महसूस किया कि मां की जगह कोई नहीं ले सकता. मां भले ही दुनिया से चली जाए, लेकिन उनके दिए संस्कार और यादें हमेशा साथ रहती हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




