Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

शादी से लौट रही स्कॉर्पियो को हाइवा ने मारी टक्कर, 4 लोगों की मौत; 6 गंभीर घायल

Bihar Road Accident: बिहार के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी. हादसे में ड्राइवर समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

Bihar Road Accident

Bihar Road Accident

Bihar Road Accident: बिहार के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे लोगों की खुशियां मातम में बदल गईं. सबनीमा गांव के समीप फोरलेन पर रविवार सुबह करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार हाइवा ने बारात से लौट रही स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, बारात सिकंदरा गांव से बख्तियारपुर आई थी. शादी समारोह संपन्न होने के बाद स्कॉर्पियो में सवार होकर लोग वापस लौट रहे थे. वाहन में महिलाएं और बच्चियां भी मौजूद थीं. इसी दौरान सबनीमा गांव के पास जगन्नाथ पेट्रोल पंप के समीप फोरलेन पर तेज रफ्तार हाइवा ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल की अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.

हादसे में ड्राइवर समेत चार लोगों की मौत

मृतकों की पहचान धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणू कुमारी (20) के रूप में हुई है. पूनम कुमारी दूल्हे की चचेरी बहन थीं और सिकंदरा गांव की रहने वाली थीं. हादसे में छह अन्य लोग घायल हुए हैं. इनमें से कुछ को पटना रेफर किया गया है, जबकि कुछ घायलों का इलाज बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.

बेटी की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे में जान गंवाने वाली पूनम कुमारी की मां ने बताया कि उनकी बेटी शादी समारोह में बारात के साथ गई थी. परिवार में रिश्ते के बड़े भाई की शादी थी. किसी को अंदाजा नहीं था कि शादी से लौटते समय ऐसा हादसा हो जाएगा. बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

वहीं, मृतक धीरज कुमार की मां ने बताया कि उनका बेटा पेशेवर ड्राइवर नहीं था. वह पढ़ाई कर रहा था और उसने हाल ही में 30 हजार रुपये की किताबें मंगाई थीं. शादी में स्कॉर्पियो चलाने के लिए उसे ले जाया गया था. धीरज अपने परिवार का इकलौता बेटा था. वह बाढ़ के अकबरपुर गांव का रहने वाला था. बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने क्या बताया?

घटना के संबंध में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) अंजनी कुमार ने बताया कि हादसा सुबह करीब पांच बजे जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास सबनीमा गांव के समीप फोरलेन पर हुआ. स्कॉर्पियो में 10 से 12 लोग सवार थे. दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल को अनुमंडलीय अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

उन्होंने बताया कि हादसे में छह लोग घायल हुए हैं. इनमें से कुछ को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज बख्तियारपुर सीएचसी में चल रहा है. शादी की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism