Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

देर रात युवक की गोली मारकर हत्या, गुस्साए परिजनों ने इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर किया चक्काजाम

Sehore Murder News: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भाऊखेड़ी गांव में देर रात गोलीबारी में सचिन वर्मा नाम के युवक की हत्या कर दी गई. हत्या से आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर चक्काजाम किया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Sehore Murder News

Sehore Murder News

Sehore Murder News: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में देर रात गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई. इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम भाऊखेड़ी में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान सचिन वर्मा के रूप में हुई है. वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है. वहीं, युवक की हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार सुबह इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर थाने के पास चक्काजाम कर दिया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है.

विवाद देखने पहुंचा था युवक, तभी चली गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन वर्मा देर रात अपनी बाइक से घर से किसी काम के सिलसिले में भाऊखेड़ी जोड़ गया था. इसी दौरान वहां कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि सचिन मौके पर हो रहे विवाद को देखने लगा. तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर गोली चला दी. गोली लगने से सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई.  हालांकि, विवाद किस बात को लेकर हो रहा था और सचिन को गोली किसने मारी, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

सचिन की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन एकत्रित हो गए. घटना से नाराज परिजनों ने सोमवार सुबह इछावर थाने के पास इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. उन्होंने हत्या में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. चक्काजाम के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ. परिजनों का आक्रोश देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालने के प्रयास किए.

कई थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात

घटना की गंभीरता को देखते हुए नसरुल्लागंज, आष्टा, सीहोर समेत आसपास के क्षेत्रों से पुलिस बल इछावर थाने पहुंचा. क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस के सामने कई सवाल हैं. भाऊखेड़ी जोड़ पर विवाद किस बात को लेकर हुआ था? सचिन वर्मा पर गोली किसने चलाई और हत्या के पीछे क्या वजह थी? इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे. फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism