इलाहाबाद हाई कोर्ट ने चित्रकूट के उपजिलाधिकारी (न्यायिक) के घर के ड्राइंग रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश होने पर कड़ा रुख अपनाया है. न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी की पीठ ने इस गैर-जिम्मेदाराना तरीके पर नाराजगी जताते हुए एसडीएम और जिलाधिकारी दोनों से स्पष्टीकरण तलब किया है. सुनवाई के दौरान एसडीएम ने सफाई दी कि घर पर इंटरनेट बेहतर चलता है और वे डीएम की इजाजत से वहां से जुड़े थे. इस पर कोर्ट ने दो टूक कहा कि यदि एसडीएम दफ्तर में इंटरनेट की दिक्कत थी, तो डीएम उन्हें अपने कार्यालय से जुड़ने की अनुमति दे सकते थे. अदालत ने आदेश की प्रति पंचायती राज विभाग के मुख्य सचिव को भेजने का निर्देश दिया है ताकि संतोषजनक जवाब न मिलने पर जांच शुरू की जा सके. साथ ही डीएम को अधिकारियों को अदालती शिष्टाचार सिखाने की हिदायत दी गई है.
ग्राम प्रधान चुनाव याचिका से जुड़े दो विवादित आदेश भी खारिज
दरअसल, यह पूरा विवाद निर्वाचित ग्राम प्रधान सुनील की याचिका से जुड़ा है, जिन्होंने हारे हुए प्रत्याशी की चुनाव याचिका में पारित आदेशों को चुनौती दी थी. पहले 5 जुलाई 2024 को विस्तृत आदेश से चुनाव याचिका खारिज हो चुकी थी, लेकिन 25 जुलाई को दाखिल पुनर्विचार अर्जी पर 1 अप्रैल 2025 को बिना कोई कारण दर्ज किए महज पांच लाइनों में पुराना आदेश रद्द कर दिया गया.
इसके बाद 30 जुलाई 2025 को एक और आदेश पारित कर कुछ कारण जोड़ते हुए उसी पुराने आदेश को दोबारा रद्द कर दिया गया. हाई कोर्ट के यह पूछने पर कि पहले से रद्द आदेश को फिर से किस कानूनी प्रावधान के तहत रद्द किया गया, एसडीएम कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके.
चार हफ्ते में नए सिरे से सुनवाई का निर्देश
न्यायमूर्ति शमशेरी ने स्पष्ट कहा कि कानून में ऐसी किसी कार्रवाई का कोई प्रावधान नहीं है. अदालत ने 1 अप्रैल 2025 और 30 जुलाई 2025 के दोनों आदेशों को रद्द करते हुए संबंधित अधिकारी को पुनर्विचार आवेदन पर नए सिरे से सुनवाई कर चार सप्ताह के भीतर फैसला देने का निर्देश दिया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





