Nipun Bharat Mission UP: उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी भाषा और गणितीय दक्षताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से निपुण भारत मिशन के तहत निपुण विद्यालय आकलन 2026-27 की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है. महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाने के लिए रोस्टर निर्माण, सत्यापन, प्रशिक्षण और निपुण लक्ष्य ऐप पर अभ्यास को शामिल किया गया है.
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के अनुसार, इस सुव्यवस्थित आकलन और प्रशिक्षण व्यवस्था से बच्चों की सीखने की उपलब्धियों का सही मूल्यांकन हो सकेगा और कक्षा के अनुरूप दक्षताएं हासिल करने में मदद मिलेगी. तय समयसीमा के भीतर रोस्टर और प्रशिक्षण पूरा होने से परिषदीय स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.
दो चरणों में होगा आकलन, 30 नवंबर तक भेजना होगा रोस्टर
जारी आदेश के अनुसार, निपुण विद्यालय आकलन दो चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिसका पहला चरण 21 से 30 दिसंबर 2026 और दूसरा चरण 20 से 30 जनवरी 2027 तक चलेगा. विद्यालयों की सूची पीटीएमएफ के रूप में संलग्न करते हुए डायट के माध्यम से रोस्टर तैयार कराया जाएगा, जिसे 30 नवंबर 2026 तक राज्य परियोजना कार्यालय को भेजना अनिवार्य होगा.
25 नवंबर से शुरू होगा प्रशिक्षण का सिलसिला
आकलन प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए 25 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक रोस्टर निर्माण पर ऑनलाइन प्रशिक्षण होगा, जिसमें बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारी, डायट नोडल, समन्वयक और एसआरजी सदस्य जुड़ेंगे. इसके बाद 27 नवंबर को रोस्टर सत्यापन, प्रतिवेदन और निपुण लक्ष्य ऐप पर व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा, जबकि 30 नवंबर को एससीईआरटी में जिला समन्वयकों के लिए अभिमुखीकरण और हैंड्स-ऑन अभ्यास आयोजित होगा.
डायट स्तर पर प्रशिक्षण और 15 दिसंबर को रिफ्रेशर सेशन
तीन और चार दिसंबर को प्रदेश के सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) में डायट प्राचार्य, प्रवक्ता, समन्वयक, एसआरजी, एआरपी और डीएलएड प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षित किया जाएगा. इसके अलावा, 15 दिसंबर को संबंधित अधिकारियों, प्रवक्ताओं और प्रशिक्षुओं के लिए रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित होगा ताकि आकलन के दौरान सभी जिलों में एकरूपता बनी रहे.
यह भी पढ़ें-लखनऊ में नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 करोड़ का जहरीला माल बरामद
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



