Punjab Elections 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने एक बार फिर साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. मंगलवार दोपहर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में इस गठबंधन की औपचारिक घोषणा की. इस अहम बैठक में पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा समेत दोनों दलों के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे.
NDA में हुई अकाली दल की वापसी
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अमित शाह ने बताया कि बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के कक्ष में दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव बीजेपी और अकाली दल मिलकर लड़ेंगे.
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब शिरोमणि अकाली दल एनडीए (NDA) के सहयोगी दल के रूप में काम करेगा. श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर इस फैसले को बेहद खास बताते हुए शाह ने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के सभी नेताओं का एनडीए में दिल से स्वागत किया.
पीएम मोदी ने सुखबीर बादल को किया फोन
अमित शाह ने बताया कि जब एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एनडीए के विस्तार को लेकर चर्चा हुई, तो उन्होंने बेहद खुशी के साथ सुखबीर सिंह बादल से फोन पर बात की. पीएम मोदी ने भावना व्यक्त की कि अकाली दल के साथ आने से ही एनडीए पूरा होता है.
शाह ने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल के दौर से चले आ रहे दोनों दलों के ऐतिहासिक रिश्तों को याद करते हुए कहा कि बीजेपी और अकाली दल का संबंध वर्षों पुराना और बेहद गहरा रहा है, जो पंजाब के विकास में नई मजबूती लाएगा.
यह भी पढ़ें: पंजाब में फिर साथ आएगी भाजपा और अकाली दल की जोड़ी, गठबंधन पर पीएम मोदी ने जताई खुशी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





