देश की राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कैफे में देर रात हुई शराब पार्टी के दौरान 22 साल की युवती के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया. आरोप है कि पार्टी के दौरान दो युवकों ने युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया, जबकि वहां मौजूद अन्य लोगों ने इस घिनौने कृत्य में उनका साथ दिया.
पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए गैंगरेप समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.
युवती समेत 7 लोग थे पार्टी में शामिल
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़िता पार्टी में शामिल सभी लोगों को पहले से जानती थी. वह अपने परिचितों के साथ पार्टी करने के लिए प्रीत विहार स्थित ‘सल्तनत’ (Saltanat) नाम के कैफे में गई थी. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे यह कैफे बंद हो चुका था, लेकिन ग्रुप में शामिल एक शख्स के पास कैफे की चाबी मौजूद थी. उसी चाबी की मदद से देर रात बंद कैफे को दोबारा खोला गया और युवती समेत कुल सात लोगों ने अंदर पार्टी शुरू की.
सुबह 3:30 बजे तक चली शराब पार्टी
जानकारी के मुताबिक, कैफे के अंदर सभी लोगों ने देर रात तक शराब पी और करीब सुबह 3:30 बजे सभी वहां से बाहर निकले. कुछ देर बाद पीड़िता ने आरोप लगाया कि कैफे में दो युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया है और वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी आरोपियों की मदद की.
पुलिस जांच में पता चला है कि पीड़िता कड़कड़डूमा स्थित क्रॉस रिवर मॉल के एक कैफे में काम करती है, और इस मामले में नामजद कुछ आरोपी भी उसके साथ उसी कैफे में काम करते हैं, जबकि कुछ अन्य सल्तनत कैफे से जुड़े हुए हैं.
बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद हिम्मत जुटाकर युवती ने पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की और दो महिलाओं व एक पुरुष समेत कुल तीन आरोपियों को धर दबोचा. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ी जा सके और पार्टी में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की सटीक भूमिका स्पष्ट हो सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



