Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

छठ पर्व पर अश्लील कॉमेडी के मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज

Yash Maheshwari Controversy: छठ पर्व और बिहार की महिलाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक कॉमेडी के मामले में दिल्ली पुलिस ने स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज की है. इससे पहले पटना में भी उनके खिलाफ केस दर्ज हो चुका है.

chhath-puja-comedy-controversy-yash-maheshwari-fir

कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज

Yash Maheshwari Controversy: छठ पर्व, बिहार की महिलाओं और सिंदूर लगाने को लेकर कथित आपत्तिजनक कॉमेडी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है. दिल्ली के साकेत पुलिस स्टेशन में स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. इस मामले में बिहार की महिलाओं और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर विवाद हुआ था.

शिकायतकर्ता निलोटपाल मृणाल ने साकेत थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 24 अक्टूबर को साकेत स्थित एक क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार की महिलाओं, उनकी गरिमा, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं.

शिकायत में कॉमेडियन यश माहेश्वरी के साथ कार्यक्रम के आयोजकों और कॉमेडी क्लब के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है. शिकायतकर्ता ने कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री की जांच कराने की मांग की है.

इन धाराओं में दर्ज हुई FIR

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 196, 296 और 352 के तहत FIR दर्ज की है. अब पुलिस कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग और दूसरे डिजिटल साक्ष्यों की जांच करेगी.

बता दें कि इससे पहले पटना के साइबर थाने में भी यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज हो चुकी है. विवाद बढ़ने के बाद कॉमेडियन ने संबंधित वीडियो हटाने, अपने सोशल मीडिया अकाउंट निष्क्रिय करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की बात कही थी.

क्यों खास है छठ महापर्व?

छठ महापर्व देश के प्रमुख लोकपर्वों में से एक है. इसे खासतौर पर बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के कुछ हिस्सों में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. इस पर्व की सबसे खास परंपरा यह है कि इसमें डूबते और उगते, दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है.

हिंदू धर्म में सूर्यदेव को प्रत्यक्ष देवता माना जाता है. सूर्य से ही पृथ्वी को प्रकाश, गर्मी और ऊर्जा मिलती है. पेड़-पौधों से लेकर इंसानों और दूसरे जीवों तक, सभी का जीवन सूर्य पर निर्भर है. यही वजह है कि प्राचीन समय से सूर्य की उपासना की परंपरा चली आ रही है.

ये भी पढ़ें- रात में ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे, फिर अचानक बरसीं ताबड़तोड़ गोलियां! रोहतक गैंगवार में 4 युवकों की मौत

छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देना इसी कृतज्ञता और सम्मान की भावना को दर्शाता है. यह परंपरा सूर्य के प्रति आस्था के साथ-साथ प्रकृति और जीवन के प्रति सम्मान का भी संदेश देती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism