Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘सत्ता वह मास्टर चाबी है…जिससे तरक्की के बंद दरवाजे खुलते हैं’, संविधान दिवस पर मायावती का संदेश

Mayawati On Constitution Day: संविधान दिवस पर मायावती ने बाबा साहेब आंबेडकर के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि बहुजन समाज का आत्मसम्मान और स्वाभिमान का मिशन अभी अधूरा है. उन्होंने आरक्षण, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक-आर्थिक लोकतंत्र को लेकर भी सवाल उठाए.

mayawati-constitution-day-message-bsp-ambedkar

संविधान दिवस पर मायावती का संदेश

Mayawati On Constitution Day: संविधान दिवस के मौके पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को याद किया. उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को जातिवादी शोषण और गुलामी से मुक्ति दिलाने के लिए बाबा साहेब ने जीवनभर संघर्ष किया. लेकिन सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में नहीं होने के कारण उनका आत्मसम्मान और स्वाभिमान का मिशन आज भी अधूरा है.

मायावती ने कहा कि बहुजन समाज को संविधान दिवस पर गंभीरता से इस बात पर विचार करना चाहिए कि आजादी के इतने साल बाद भी दिल्ली की सत्ता तक उसकी पहुंच क्यों नहीं बन पाई है. उन्होंने बाबा साहेब के संदेश का जिक्र करते हुए कहा, “सत्ता वह मास्टर चाबी है, जिससे तरक्की और विकास के तमाम बंद दरवाजे खुल जाते हैं.”

सरकारों से आरक्षण और बुनियादी सुविधाओं पर सवाल

बीएसपी प्रमुख ने केंद्र और राज्य सरकारों से आरक्षण के संवैधानिक दायित्व को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की जिम्मेदारी सरकारों ने ईमानदारी से निभाई है या नहीं, इस पर हिसाब-किताब होना चाहिए.

मायावती ने संविधान सभा में बाबा साहेब के समापन भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जातियों को देश के लिए नुकसानदेह बताया था और जातिवाद छोड़ने की जरूरत पर जोर दिया था. उनके मुताबिक, भारत को एक मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है.

उन्होंने कहा कि सिर्फ राजनीतिक आजादी काफी नहीं है. देश के संपूर्ण विकास के लिए सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र भी जरूरी है. मायावती ने दावा किया कि बीएसपी ने उत्तर प्रदेश में अपने चारों शासनकाल में ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर काम करते हुए सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति की मजबूत बुनियाद रखी.

यूपी, उत्तराखंड और पंजाब चुनाव का भी किया जिक्र

मायावती ने उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि बाबा साहेब के संविधान की मंशा को जमीन पर उतारना जरूरी है. उन्होंने आरोप लगाया कि संकीर्ण, सामंती और जातिवादी सोच वाली पार्टियां ऐसा नहीं कर सकतीं. उनके मुताबिक, सर्वसमाज के हितों और लोगों की सुरक्षा के लिए बीएसपी का मजबूत होना जरूरी है.

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और बहुजन समाज से बीएसपी को सत्ता तक पहुंचाने की अपील भी की. मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज और जनकल्याण की व्यवस्था फिर से स्थापित होनी चाहिए, ताकि गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और पलायन से परेशान लोगों को बेहतर जीवन मिल सके.

पंजाब में आकाश आनंद होंगे मुख्य अतिथि

मायावती ने अपनी पोस्ट में पंजाब में संविधान दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम की जानकारी भी दी. उन्होंने बताया कि बीएसपी की पंजाब स्टेट यूनिट की ओर से जालंधर जिले के फिल्लौर में जनसभा आयोजित की गई है. इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद केंद्रीय यूनिट की ओर से मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे.

ये भी पढ़ें- इमरान मसूद बोले- ‘क्या हम चुनाव का मजाक बना रहे हैं?’, सपा के मेनिफेस्टो पर भी उठाए सवाल

मायावती ने संविधान दिवस पर लोगों से बाबा साहेब के विचारों और संविधान के कल्याणकारी उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism