20 लीटर दूध से नहाते हैं रवि किशन?
Ravi Kishan: अभिनेता रवि किशन अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ मजाकिया अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं. हाल ही में उन्होंने अपने बारे में फैली एक ऐसी अफवाह का खुलासा किया जिसे सुनकर खुद उनकी भी हंसी छूट गई. दरअसल लोगों के बीच यह बात मशहूर है कि रवि किशन कैमरे के सामने आने से पहले 20 लीटर दूध और गुलाब की पंखुड़ियों से नहाते हैं. अब अभिनेता ने इस अजीबोगरीब अफवाह के पीछे का मजेदार किस्सा सुनाया है.
रवि किशन जल्द ही क्विज रियलिटी शो ‘कौन होनार करोड़पति’ के एक खास एपिसोड में अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के साथ नजर आएंगे. शो के दौरान बातचीत में माधुरी ने उनसे पूछा कि उनके बारे में ऐसी कौन सी अफवाह है, जिसे सुनकर उन्हें सबसे ज्यादा हंसी आती है. इस पर रवि ने दूध और गुलाब की पंखुड़ियों से नहाने वाली बात का जिक्र किया.
‘यह सुनकर मैं हंसकर गिर गया’
रवि किशन ने हंसते हुए कहा,
लोग कहते हैं कि 20 लीटर दूध से नहाता है ये, फिर शॉट देता है. यह सुनकर मैं हंसकर गिर गया.
One more banger by lord Ravi Kishan ❤️
Anaar ka juice Piya karo 😭 https://t.co/aLhUx6t2el
— Amit Singh (@RockstarAmit) November 26, 2026
इसके बाद उन्होंने इस अफवाह से जुड़ा एक और किस्सा सुनाया. रवि ने बताया कि छठ पूजा के मौके पर वह पूरी रात गोरखपुर के अलग-अलग घाटों पर घूमते रहे थे. इसके बाद उन्हें सुबह-सुबह शूटिंग के लिए फ्लाइट पकड़नी थी. वह समय पर शूटिंग लोकेशन पर पहुंच गए और वैनिटी वैन में तैयार भी हो गए, लेकिन वहां उनके लिए न तो 20 लीटर दूध का इंतजाम था और न ही गुलाब की पंखुड़ियां थीं.
अभिनेता ने माधुरी से कहा कि आप मेरे साथ काम कर चुकी हैं और आप अच्छी तरह जानती हैं कि क्या मैं सच में शूटिंग से पहले ऐसा कुछ करता हूं.
माधुरी दीक्षित ने भी बताई सच्चाई
रवि किशन की बात सुनने के बाद माधुरी दीक्षित ने भी इस अफवाह को गलत बताया. उन्होंने कहा कि रवि अक्सर रातभर सफर करके शूटिंग पर पहुंचते थे और आते ही काम के लिए तैयार हो जाते थे. वह बिल्कुल भी वैसे नहीं हैं, जैसा उनके बारे में बताया जाता है.
ये भी पढ़ें- छठ पर्व पर अश्लील कॉमेडी के मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज
गौरतलब है कि रवि किशन और माधुरी दीक्षित पहली बार फिल्म ‘मां बहन’ में साथ नजर आए थे. सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में तृप्ति डिमरी और धारणा दुर्गा भी अहम भूमिकाओं में हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





