संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को देश की सियासत भी संविधान के मूल्यों और इसके निर्माताओं के योगदान को याद करने में जुटी है. इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस देशभर में अपने-अपने स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही हैं. बीजेपी इसे ‘संविधान गौरव दिवस’ के रूप में मना रही है, जिसके तहत नई दिल्ली, पटना और अहमदाबाद में बड़े कार्यक्रम रखे गए हैं. इन आयोजनों के जरिए पार्टी संविधान के महत्व और भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के ऐतिहासिक योगदान को नमन करेगी.
दिल्ली में अमित शाह तो पटना में नितिन नवीन
तय कार्यक्रम के मुताबिक, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे. वे दोपहर 3:30 बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे.
इससे ठीक पहले बिहार की राजधानी पटना में भी बड़ा आयोजन रखा गया है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दोपहर 3:00 बजे पटना के गांधी मैदान स्थित ज्ञान भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और नागरिकों को संबोधित करेंगे.
अहमदाबाद में दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे जेपी नड्डा
दूसरी तरफ, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा गुजरात के अहमदाबाद में दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. सबसे पहले वे दोपहर 3:55 बजे अहमदाबाद के सारंगपुर पहुंचेंगे, जहां वे बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे.
इसके बाद जेपी नड्डा शाम 4:30 बजे पालडी स्थित टैगोर हॉल में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित एक जनसभा को संबोधित करेंगे. कुल मिलाकर, संविधान दिवस पर देश के अलग-अलग हिस्सों में होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए राजनीतिक दल जनता के बीच संवैधानिक मूल्यों और डॉ. आंबेडकर की विरासत को मजबूती से रखने की तैयारी में हैं.
यह भी पढ़ें:पीएम मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर एमपी बीजेपी का बड़ा अभियान, सभी 230 विधानसभाओं में तैनात होंगे सेवा दूत
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



