Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘बीजेपी शासित सभी राज्यों में लागू होगा UCC, महिलाओं को मिलकर रहेगा 33% आरक्षण’: दिल्ली में अमित शाह ने कांग्रेस को घेरा

संविधान दिवस के मौके पर दिल्ली बीजेपी के ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महिला आरक्षण और समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला.

Amit Shah Attacks Rahul Gandhi On Samvidhan Gaurav Diwas Challenges Over Women Reservation And Announces UCC In All BJP Ruled States

संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को दिल्ली में आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला. 1975 के आपातकाल की याद दिलाते हुए शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा संवैधानिक संस्थाओं का अपमान किया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मोदी सरकार संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने और देश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेगी. राहुल गांधी को चुनौती देते हुए शाह ने कहा कि महिलाओं को हर हाल में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा और कांग्रेस उन्हें रोक नहीं पाएगी.

‘संसद में चर्चा के बजाय सड़क पर बहस की बात करते हैं राहुल’

अमित शाह ने राहुल गांधी के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे एक तरफ तो हमेशा संविधान की बात करते हैं, लेकिन दूसरी तरफ संवैधानिक संस्थाओं का ही मजाक उड़ाते हैं. गृह मंत्री के मुताबिक, जब भी अदालत का कोई फैसला उनके अनुकूल नहीं आता, तो वे न्यायपालिका पर सवाल खड़े कर देते हैं.

उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी संसद में बहस करने के बजाय सड़क पर चर्चा करने की बात करते हैं, चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को बदनाम करते हैं और विदेश जाकर भारत की छवि खराब करते हैं. शाह ने तंज कसते हुए कहा कि हम भी लंबे समय तक विपक्ष में रहे, लेकिन न तो संसद की चर्चा से भागे और न ही कभी अदालतों या चुनाव आयोग का अपमान किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की असली समस्या यह है कि वे पिछले 20 साल से लगातार चुनाव हार रहे हैं और अपनी हार का ठीकरा चुनाव प्रक्रिया पर फोड़ना ‘नाच न जाने आंगन टेढ़ा’ जैसा है.

बीजेपी शासित राज्यों में UCC लागू करने का बड़ा ऐलान

समान नागरिक संहिता पर बोलते हुए शाह ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने नीति निदेशक तत्वों में UCC को इसलिए शामिल किया था ताकि धर्म से ऊपर उठकर हर नागरिक के लिए एक समान कानून हो. उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस भले ही इसका विरोध करे, लेकिन आने वाले दिनों में बीजेपी शासित सभी राज्यों में UCC लागू किया जाएगा. इससे पहले उन्होंने यह भी कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान अपनाने के साथ भारत की लोकतांत्रिक यात्रा शुरू हुई थी और संविधान केवल कागज की किताब नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों और भावनाओं का दस्तावेज है.

यह भी पढ़ें: संविधान दिवस पर देशभर में बीजेपी के कार्यक्रम: दिल्ली में अमित शाह, पटना में नितिन नवीन और अहमदाबाद में जेपी नड्डा करेंगे संबोधित

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism