Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

आपके लिए कुरान बड़ा है या संविधान? ओपी राजभर ने लगाए एक तीर से 2 निशाने

OP Rajbhar Attacks Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं सियासी पारा चढ़ता जा रहा है. ओपी राजभार ने एक बार फिर से अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है.

OP Rajbhar

OP Rajbhar Attacks Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सरगर्मियों के बीच मुस्लिम आरक्षण और संविधान के मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक लंबी पोस्ट साझा कर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. राजभर ने अखिलेश यादव को सीधे चुनौती देते हुए सवाल किया है कि उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान?

‘धर्म के आधार पर आपकी दस पुश्तें भी आरक्षण नहीं दे सकतीं’

ओपी राजभर ने अपने चिर-परिचित अंदाज में तंज कसते हुए अखिलेश यादव से रैपिड फायर राउंड की तरह जवाब मांगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख अपने एसी कमरों और प्रेस कॉन्फ्रेंस में तो संविधान व आरक्षण की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन उनका असली प्रेम कुरान के प्रति झलकता है.

राजभर ने कहा कि अगर अखिलेश यादव ने सच में बाबा साहेब का पूरा संविधान पढ़ा होता, तो उन्हें पता होता कि धर्म के आधार पर उनकी दस पुश्तें भी चाह लें तो आरक्षण नहीं दे सकतीं. उन्होंने इसे महज वोट बटोरने के लिए मुसलमानों को दिया जाने वाला ‘लॉलीपॉप’ बताया. राजभर ने कटाक्ष करते हुए लिखा कि अब तो सपा का ‘अब्दुल’ भी समझदार हो चुका है. गैर-यादव पिछड़ों और दलितों के लिए संविधान ही सर्वोपरि है.

राहुल गांधी को भी लपेटा, अदालती फैसलों का दिया हवाला

ओम प्रकाश राजभर ने इस हमले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी घेरते हुए दोनों नेताओं की विदेश में हुई पढ़ाई पर तंज कसा. उन्होंने आरोप लगाया कि ‘संविधान बचाओ’ का नारा लगाने वाले दोनों नेता सत्ता में आने पर मुस्लिमों को आरक्षण देने के लिए खुद संविधान बदलने की फिराक में हैं. अपने तर्कों को मजबूत करने के लिए राजभर ने तीन प्रमुख न्यायिक मामलों का हवाला दिया

  • इंदिरा साहनी केस: सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि देश में आरक्षण धर्म के आधार पर नहीं दिया जा सकता.
  • आंध्र प्रदेश का मामला: मुस्लिमों को अलग से आरक्षण देने की कोशिश को पहले हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट दोनों ने रद्द कर दिया था.
  • पश्चिम बंगाल OBC आदेश (2024): अदालत के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि धर्म आधारित आरक्षण संवैधानिक रूप से अमान्य है.

राजभर ने कहा कि समानता और धर्मनिरपेक्षता संविधान के मूल ढांचे का हिस्सा हैं, इसलिए यदि कोई इसमें संशोधन करने की कोशिश भी करेगा तो सुप्रीम कोर्ट उसे टिकने नहीं देगी.

‘किसका हिस्सा काटकर देंगे मुस्लिमों को कोटा?’

सपा और विपक्षी गठबंधन पर हमला जारी रखते हुए राजभर ने आरक्षण के गणित पर सीधा सवाल खड़ा किया. राजभर ने पूछा कि अगर मुस्लिमों को अलग कोटा दिया जाएगा, तो अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) में से किसका हिस्सा काटा जाएगा? मौजूदा 50 प्रतिशत की सीमा के भीतर नया कोटा बनाने का सीधा मतलब गैर-मुस्लिम ओबीसी और दलितों का हक छीनना है, और 50 प्रतिशत से ऊपर जाने पर अदालत उसे खारिज कर देगी.

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव से बदला लेंगे मुफ्ती इस्माइल कासमी, चुनाव से पहले क्या ऐलान किया?

राजभर ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो अखिलेश यादव केवल इतना बोल दें कि उनके लिए संविधान बड़ा है और कुरान छोटा. अंत में उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का मुस्लिम, गैर-यादव पिछड़ा और बहुजन समाज अब इस राजनीति को समझ चुका है, इसलिए 2027 ही नहीं बल्कि अगली पैदाइश में भी सपा की सरकार नहीं बनेगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism