Bharat Express DD Free Dish

अयोध्या की बुर्खे वाली लुटेरन! नकली तमंचे से हासिल किया अंजाम, आखिर 58 सेकेंड में क्या-क्या हुआ?

अयोध्या के रुदौली में एक महिला ने नकली तमंचा दिखाकर सर्राफा दुकान से सोने का हार लूट लिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से प्रेमी और प्रेमिका दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

ayodhya-Rudauli-Jewellery-shop-robbery-burqa-woman-arrested

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसे सुनकर आप भी दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे. रुदौली के एक व्यस्त बाजार में स्थित ‘महेश ज्वेलर्स’ की दुकान में गुरुवार को दिनदहाड़े एक ऐसी वारदात हुई, जो किसी बॉलीवुड थ्रिलर फिल्म के सीन जैसी लगती है. एक महिला बुर्का पहनकर ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई, गहने देखे और फिर अचानक तमंचा तानकर सोने का हार लूट ले गई. हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया और कुछ ही घंटों के भीतर इस ‘प्रेमी-प्रेमिका’ की जोड़ी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.

‘नकली’ तमंचे से डराया

वारदात का तरीका इतना शातिर था कि दुकानदार को भनक तक नहीं लगी. बुर्का पहने महिला ने पहले सामान्य रूप से सोने के आभूषण दिखाने को कहा ताकि दुकानदार का भरोसा जीता जा सके. जैसे ही दुकानदार ने 26 ग्राम सोने का हार उसके सामने रखा, महिला ने मौका पाकर उसे झपट लिया.

बता दें कि जब दुकानदार ने विरोध करने की कोशिश की, तो महिला ने तुरंत हाथ में लिया हुआ तमंचा उस पर तान दिया. दुकानदार दहशत में आ गया और इसी बीच महिला दुकान से बाहर निकल गई. बाहर उसका प्रेमी राहुल पहले से ही मोटरसाइकिल स्टार्ट करके खड़ा था. महिला बाइक पर बैठी और दोनों पलक झपकते ही बाजार की भीड़भाड़ में गायब हो गए.

CCTV फुटेज ने खोल दी पोल

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बुर्के में छिपी महिला की पहचान करना था. रुदौली कोतवाली पुलिस ने बिना वक्त गंवाए बाजार और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया.

वहीं, फुटेज में महिला को तमंचा लहराते और बाइक पर भागते हुए साफ देखा गया. इसी सुराग के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही. पुलिस ने मवई निवासी राहुल और उसकी प्रेमिका पायल को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में पता चला कि पायल बाबा बाजार क्षेत्र की रहने वाली है और वह शादीशुदा है.

पुलिस की कार्रवाई: बरामद हुआ लूटा सोना

एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने डराने के लिए जिस तमंचे का इस्तेमाल किया था, वो असल में नकली था. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया 26 ग्राम सोने का हार, लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और नकली तमंचा भी बरामद कर लिया है.महेश ज्वेलर्स के मालिक महेश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है.

ये भी पढ़ें: जीते-जी अपनी ही तेरहवीं का न्योता: औरैया के राकेश यादव ने क्यों बुलावाया 1900 लोगों को भोज? रुला देगी अकेलेपन की ये कहानी!

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read