Bharat Express DD Free Dish

‘अगर पति आवारा है, कंडोम ही सहारा है’, जागरुकता या फूहड़ता? Viral Video से बिहार की किरकिरी

बिहार के समस्तीपुर में एड्स जागरूकता रैली का वीडियो वायरल हो गया. नारे जैसे ‘अगर पति आवारा है, कंडोम ही सहारा है’ ने लोगों को सोचने पर मजबूर किया.

Samastipur Hospital Viral Video

Samastipur Hospital Viral Video: विश्व एड्स दिवस पर समस्तीपुर का सदर अस्पताल में जागरूकता की लहर देखने को मिली. GNM (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) की छात्राओं ने अस्पताल परिसर से सड़क तक उतरकर एक रैली निकाली, जिसने शहर में बसे सामाजिक रूढ़िवाद और शर्म को झकझोर कर रख दिया.

हाथों में रंगीन पोस्टर, लाल रिबन और जोरदार नारों के साथ छात्राओं ने राहगीरों और दुकानदारों का ध्यान अपनी ओर खींचा. अपने बोल्ड नारों के साथ उन्होंने लोगों को एक साफ संदेश दिया. रैली में “अगर पति आवारा है, कंडोम ही सहारा है. परदेस नहीं जाना बलम जी, एड्स न लाना बलम जी” के नारे गूंजते सुनाई दिए.

नारे सिर्फ तंज नहीं, बल्कि गंभीर संदेश

छात्राओं की तरफ से लगाए गए ये नारे सिर्फ मजाक या तंज नहीं थे, बल्कि वहां मौजूद लोगों को एक गंभीर संदेश दे रहे थे, जो आज के समय में काफी बड़ी समस्या बना हुआ है. पहले वाला नारा महिलाओं को उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के अधिकार के प्रति जागरूक करता है, खासकर जोखिम भरे यौन संबंधों में.

वहीं दूसरा नारा प्रवासी श्रमिकों की उस चुनौती को उजागर करता है, जहां वे बाहर जाकर अनजाने में संक्रमण लेकर घर लौट सकते हैं. इन नारों ने समाज को ये याद दिलाया कि एड्स जैसी गंभीर बीमारी पर खुले तौर पर बात करना कितना ज्यादा जरूरी है.

ये भी पढ़ें- गोलगप्पा खा रही महिला को अचानक भेजना पड़ गया अस्पताल, डॉक्टर बोले- ‘हालत अब भी गंभीर’

सड़क पर दिखा जागरूकता का प्रभाव

रैली अस्पताल के मुख्य गेट से शुरू होकर पटेल गोलंबर, कलेक्ट्रेट और ओवरब्रिज होते हुए वापस अस्पताल परिसर में खत्म हुई. पूरे रास्ते छात्राओं ने पोस्टर और नारों के जरिए लोगों को रोककर एड्स से बचाव के पर्चे वितरित किए. कई लोग रुककर नारों को पढ़ते, तस्वीरें लेते और दूसरों को भी जागरूक करते दिखाई दिए.

छात्राओं की तरफ से की गई इस पहल का उद्देश्य सिर्फ एड्स की जानकारी फैलाना नहीं था, बल्कि सामाजिक चुप्पी को तोड़ना भी था. कंडोम के उपयोग की जरूरत, प्रवासी श्रमिकों से जुड़े संक्रमण और एड्स के बारे में खुलकर बात करना अब पहले से ज्यादा जरूरी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read