Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

बिहार की महिला के पेट से निकला डेढ़ किलो बालों का गुच्छा, आखिर कहां से इकट्ठे हुए इतने सारे बाल

35 वर्षीय महिला के पेट से निकला डेढ़ किलो वाला बालों का गुच्छा. डॉक्टरों के अनुसार इसे ट्राइकोबेजोआर कहा जाता है. क्या है पूरा मामला जानिए

hair-ball-in-Womans-stomach

देशभर से अक्सर अजीबो-गरीब मामले सामने आते रहते हैं, लेकिन बिहार से आई यह घटना न सिर्फ चौंकाने वाली है, बल्कि गंभीर चिंता का विषय भी है. एक महिला के पेट से ऑपरेशन के दौरान करीब डेढ़ किलो बालों का गुच्छा निकाला गया, जिसे देखकर डॉक्टरों की टीम भी हैरान रह गई. यह मामला बताता है कि छोटी-सी आदत किस तरह समय के साथ जानलेवा बीमारी का रूप ले सकती है.

क्या है पूरा मामला?

पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल स्थित एसआरपी हॉस्पिटल में यह दुर्लभ केस सामने आया. नेपाल की रहने वाली 35 वर्षीय महिला लंबे समय से पेट दर्द, भूख न लगने और कमजोरी की शिकायत से परेशान थी. उसने कई जगह इलाज कराया, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ. अंततः वह एसआरपी हॉस्पिटल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने विस्तृत जांच शुरू की.

एंडोस्कोपी जांच के दौरान डॉक्टरों को महिला के पेट में बालों का एक बड़ा गुच्छा जमा होने का पता चला. इसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सर्जरी करने का फैसला लिया. ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट से करीब डेढ़ किलोग्राम बालों का गुच्छा सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया.

डॉक्टरों ने क्या बताया?

एसआरपी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि मेडिकल साइंस में इस स्थिति को ट्राइकोबेजोआर (Trichobezoar) कहा जाता है. यह एक बेहद दुर्लभ बीमारी है और दुनियाभर में अब तक ऐसे केवल करीब 500 मामले ही सामने आए हैं. उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत तेजी से बेहतर हो रही है और वह डॉक्टरों की निगरानी में है.


ये भी पढ़ें: काजू-बादाम खाने वाले ये मुर्गे लाखों में बिक रहे हैं, खास मुकाबले के लिए कर रहे ट्रेनिंग


बाल खाने की आदत बनी बीमारी की वजह

डॉक्टरों के अनुसार, इस तरह की समस्या अक्सर ट्राइकोफेजिया यानी बाल खाने की आदत या मानसिक कारणों से जुड़ी होती है. व्यक्ति अनजाने में बाल निगलता रहता है, जो पच नहीं पाते और धीरे-धीरे पेट में जमा होकर बड़ी गांठ का रूप ले लेते हैं. इससे पाचन तंत्र बुरी तरह प्रभावित होता है.

डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि यह एसआरपी हॉस्पिटल का तीसरा ऐसा मामला है, जिसे सफल सर्जरी के जरिए ठीक किया गया है. उन्होंने लोगों को समय रहते लक्षणों को नजरअंदाज न करने और मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने की सलाह दी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital